मेरठ के हस्तिनापुर में लूट का विरोध करने पर दिनदहाड़े महिला की हत्या, मचा कोहराम
मेरठPublished: Sep 02, 2023 09:18:24 pm
मेरठ के हस्तिनापुर में दिनदहाड़े घर में घुसे बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर एक वृद्ध महिला की हत्या कर दी। मां को लहूलुहान हालत में देखकर बेटा भी बेहोश हो गया।


मेरठ के हस्तिनापुर में लूट का विरोध करने पर दिनदहाड़े महिला की हत्या
मेरठ के हस्तिनापुर के एक गांव में लूट के इरादे से घुसे धारदार हथियारों से लैस बदमाशों ने वृद्ध महिला की हत्या कर दी। वारदात से गांव में कोहराम मच गया। मेरठ के हस्तिनापुर में आज शनिवार को बड़ी वारदात हो गई। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव नगला चांद में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक वृद्ध महिला की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया गया कि हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव नगला चांद में 70 वर्षीय मुन्नी पत्नी दाऊद अपने बेटे के साथ रहती थी। बेटा मजदूरी करता है। वह रोज की तरह आज सुबह घर से काम के लिए निकल गया था। शाम जब बेटा वापस घर लौटा तो उसकी मां लहूलुहान हालत में पड़ी थी। मां को लहूलुहान देखकर वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद वह चिल्ला-चिल्लाकर रोने लगा। युवक के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।