सपा ने निकाय चुनाव की चार सीटों के लिये घोषित किये प्रत्याशी, जानें मिर्जापुर में किसे कहां से मिला टिकट
Published: 05 Nov 2017, 11:11 PM IST
मिर्ज़ापुर. समाजवादी पार्टी ने निकाय चुनाव में नगर पालिका अध्यक्षों और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में चार सीटों के प्रत्याशियों के नाम हैं। सभी सीटें मिर्जापुर जिले की हैं। इसमें मिर्जापुर नगर पालिका से अशोक कुमार केशवरवानी को टिकट दिया गया है। चुनार से अशोक उर्फ संतोष यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा नगर पालिका परिषद अहरौरा से सदानन्द यादव और नगर पंचायत कछवां से निजाम सईद को सपा ने टिकट दिया है। पार्टी ने टिकट बंटवारे में जातीय समीकरण भी साधने कीकोशि की है। कहा जा रहा है कि मिर्जापुर नगर पालिका से अशोक केशरवानी को टिकट दिलवाने में पूर्व मंत्री गुट का हाथ है।
मिर्जापुर शहर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर अपने-अपने प्रत्याशी जिताने को लेकर सपा के दो गुटों ने अपनी पूरी ताकत लगा दी थी। एक गुट पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अरुण दुबे को टिकट दिलाना चाहता था, पर पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया का गुट इसमें सफल हुआ और अशोक केशरवानी का नाम फाइनल हो गया। फिलहाल अशोक केशरवानी के मैदान में आने के बाद तय हो गया कि सपा मिर्जापुर नगर निकाय चुनाव में वैश्य मतदाताओं के सहारे ही जीत का सपना देख रही है।
अशोक केशरवानी सपा से पहली बार कोई चुनाव लड़ रहे हैं। उधर कछवां नगर पंचायत में सपा ने एक बार फिर निजाम सईद पर ही दांव लगाया है। चुनार नगरपालिका से घोषित अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संतोष उर्फ अशोक यादव इससे पहले भी सपा के समर्थित प्रत्याशी के तौर पर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुके हैं, पर उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। बावजूद इसके पार्टी ने एक बार फिर से उनपर विश्वास जताया है। वहीं अहरौरा नगरपालिका से घोषित सदानंद यादव पहली बार सपा के टिकट से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने जा रहे हैं। फिलहाल नगर पालिका के चुनाव में सपा ने सबसे पहले प्रत्याशी घोषित कर मजबूती के साथ लड़ने का संदेश मतदाताओं के बीच दिया है।
by suresh singh
अब पाइए अपने शहर ( Mirzapur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज