
ग्रेटर नोएडा। देशभर में कोरोना वायरस से हाहाकार मचा हुआ है। इस जानलेवा वायरस के नए मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। भारत में कोरोना वायरस के 170 केस अभी तक सामने आ चुके हैं। इस बीच दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में कोरोना का पहला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को ग्रेटर नोएडा के वेस्ट गौर सिटी सोसाइटी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों को कोरोना का संदिग्ध पाया गया। परिवार में पति-पत्नी और एक छोटा बच्चा शामिल है।
परिवार ने खुद फोन कर दी स्वास्थ्य विभाग को जानकारी
जानकारी के मुताबिक, ये परिवार हाल फिलहाल में दक्षिण अफ्रीका से लौटा था। परिवार को खुद को कोरोना का संक्रमित होने का शक लगा तो उन्होंने खुद ही स्वास्थ्य विभाग को फोन कर इसकी जानकारी दी, जिसके बाद देर रात मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने पूरे परिवार को एहतियातन क्वॉरेंटाइन वार्ड (Quarantine Ward) में शिफ्ट कर दिया। ये फैमिली अब पूरे 14 दिनों तक क्वॉरेंटाइन वार्ड में ही रहेगी।
नोएडा में लगी धारा 144
स्वस्थ्य विभाग ने परिवार के तीनों सदस्यों के सैंपल को लैब टेस्ट के लिए भेज दिया है। अभी तीनों में कोरोना होने की पुष्टि नहीं हुई है। आपको बता दें कोरोना की वजह से नोएडा में भी हालात कुछ अच्छे नहीं हैं। नोएडा में धारा 144 लागू कर दी गई है। प्रशासन ने यह फैसला नोएडा में बुधवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने के बाद लिया है। गौरतलब है कि पीड़ित व्यक्ति हाल ही में इंडोनेशिया से लौटा था। ये युवक सेक्टर 41 का रहने वाला है।
Updated on:
19 Mar 2020 09:28 am
Published on:
19 Mar 2020 09:26 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
