scriptरेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, त्योहारों में चलेंगी 4000 नई ट्रेनें | 4000 new trains to be launched in the festivals | Patrika News

रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, त्योहारों में चलेंगी 4000 नई ट्रेनें

Published: Sep 19, 2017 08:06:43 pm

Submitted by:

ashutosh tiwari

त्योहारों को देखते हुए रेलवे 4000 नई ट्रेने चलाएगा।

train
कोलकाता/नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में होने वाली भीड़ और यात्री सुविधाओं को लेकर रेलवे भी तैयारी में जुट गया है। खासतौर पर कोलकाता जोन में दुर्गा पूजा के दौरान मुसाफिरों के लिए खाने का विशेष मेन्यू तैयार किया गया है। आईआरसीटीसी ने सभी फूड प्लाजा को इसके निर्देश जारी किए हैं। कोलकाता जोन की कई ट्रेनों में भी यह सुविधा मिलेगी।
रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा है कि दुर्गापूजा, दशहरा, दिवाली और छठपूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए करीब चार हजार अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि यदि स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या ज्यादा बढ़ती है तो प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री रोक दी जाएगी। इस दौरान ट्रेनों और यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
दिल्ली-मुंबई के बीच सबसे तेज राजधानी
रेलवे दिल्ली और मुंबई के बीच तेज रफ्तार राजधानी ट्रेन चलाने वाली है। रेलवे के प्लान के अनुसार अगले महीने तक ट्रेन पटरी पर आ जाएगी। इसकी रफ्तार पहले की राजधानी ट्रेनों की अपेक्षा और तेज होगी। ट्रेन को दिल्ली से मथुरा उसी स्पीड से चलाया जाएगा, जिस स्पीड से गतिमान एक्सप्रेस चलती है। नई ट्रेन के स्टॉपेज कम होंगे, इसलिए कम स्टेशनों पर रुकेगी।
इस ट्रेन के चलने से दिल्ली के निजामुद्दीन स्टेशन और मुंबई के बांद्रा के बीच का 15 घंटे का होकर 13 घंटे का हो जाएगा। मतलब दो घंटे की यात्रा कम हो जाएगी। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार इस ट्रेन को दीवाली तक चलाने का प्रयास किया जा रहा है। यह ट्रेन दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से मुंबई के बांद्रा के लिए चलेगी। वहीं से यह वापसी करके हजरत निजामुद्दीन आएगी।
अभी सबसे तेज रफ्तार से चलने वाली ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस है, जो दिल्ली से आगरा के बीच 150 किलोमीटर की रफ्तार से चलती है। चूंकि निजामुद्दीन से मुंबई के बीच का मथुरा तक का हिस्सा गतिमान वाले रूट का ही है इसलिए इस हिस्से में इस नई ट्रेन को भी 150 किलोमीटर की रफ्तार पर ही चलाया जाएगा, जिससे कि इसके सफर में लगने वाले टाइम में कमी आएगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो