scriptबिहार: मोतिहारी बालिका गृह से दो लड़कियां फरार, अब तक नहीं मिला कोई सुराग | Bihar: Police Searching Missing Two Girls | Patrika News
विविध भारत

बिहार: मोतिहारी बालिका गृह से दो लड़कियां फरार, अब तक नहीं मिला कोई सुराग

बालिका गृह से दो लड़कियां अब तक फरार
पुलिस लगातार कर रही है छानबीन

Oct 23, 2019 / 01:45 pm

Kaushlendra Pathak

file photo
नई दिल्ली। बिहार के पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी के बालिका आवास गृह से फरार चार लड़कियों में से दो का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस इन दोनों लड़कियों की खोज में जुटी है। इधर, सूत्रों का कहना है कि लड़कियां शादीशुदा हैं और उनके फरार होने में उनके पति (प्रेमी) की संलिप्तता हो सकती है। पुलिस भी सभी बिंदुओं को जोड़ने में लगी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बरामद दो लड़कियों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि सभी लड़कियां रसोई घर के दरवाजे खोलकर दुपट्टा के माध्यम से चाहरदीवारी पर उतरीं और वहां से खेत में कूदकर फरार हुई थीं। बरामद लड़कियों ने पुलिस को बताया कि फरार लड़कियों का यहां मन नहीं लगता था और बराबर ससुराल जाने की बात करती थीं।
इधर, आवास गृह की अधीक्षक मधु कुमारी ने बताया कि दोनों लापता (फरार) लड़कियां पश्चिमी चंपारण जिले की रहने वाली हैं और 15 अक्टूबर को ही अदालत के आदेश के बाद आवास गृह पहुंची थीं। सूत्रों का कहना है कि दोनों नाबालिग हैं और उन्होंने अपने प्रेमी के साथ भागकर शादी कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने लड़कियों को बरामद कर अदालत में पेश किया था। सूत्रों का कहना है कि फरार लड़कियों में से एक लड़की गर्भवती भी है। गौरतलब है कि सोमवार को समाज कल्याण विभाग के राज्य बाल संरक्षण समिति द्वारा संचालित इस बालिका गृह की चार लड़कियां फरार हो गई थी। बाद में पुलिस ने दो लड़कियों को बरामद कर लिया था।
पुलिस के मुताबिक, आवास गृह की अधीक्षक मधु के बयान पर मुफस्सिल थाने में इस मामले की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र शर्मा ने बुधवार को बताया कि फरार लड़कियां नाबालिग हैं। उन्होंने कहा कि एक युवक की पहचान की गई है, जिसके बहकावे पर लड़कियां फरार हुई हैं। पुलिस उस युवक को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

Home / Miscellenous India / बिहार: मोतिहारी बालिका गृह से दो लड़कियां फरार, अब तक नहीं मिला कोई सुराग

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो