विविध भारत

देशभर में धूमधाम से मना करवाचौथ, सुहागिनों ने चांद देखकर तोड़ा व्रत

सुबह से ही पूरे देश में रौनक का माहौल देखने को मिला। सुहागिन महिलाएं सज-धजकर मंदिर गईं और भगवान का दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।

नई दिल्लीOct 18, 2019 / 08:20 am

Mazkoor

नई दिल्ली : गुरुवार को देशभर की सुहागिन महिलाओं ने करवाचौथ का पर्व धूमधाम से मनाया। उन्होंने पति की लंबी आयु के लिए आज दिन भर निर्जला व्रत रखा। अलग-अलग शहरों में अलग-अलग समय में चांद को अर्घ्य देकर व्रत खोला।

मंदिर जाकर भगवान के दर्शन भी किए

सुबह से ही पूरे देश में रौनक का माहौल देखने को मिला। सुहागिन महिलाएं सज-धजकर मंदिर गईं और भगवान का दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। महिलाओं ने करवा माता की कथा सुनकर पूजन किया। रात को चांद निकलने पर चंद्रमा की पूजा कर अर्घ्य दिया और इसके बाद पति से आशीर्वाद लिया। पतियों ने अपने हाथ से पानी पिलाकर व्रत पूरा कराया और उपहार भी दिए। सुहागिन महिलाओं ने घर के बड़े-बुजुर्गों से पति की लंबी उम्र के लिए आशीर्वाद लिया। कई लोग घर पर पूजा खत्म होने के बाद पति के साथ रेस्टोरेंट गईं और वहीं डिनर किया।

सोशल मीडिया पर छाया रहा करवा चौथ

इतना ही नहीं, आज पूरे दिन सोशल मीडिया पर करवा चौथ ही ट्रेंड करता रहा। महिलाओं ने हैशटैग के साथ मेहंदी की तस्वीरें अपने अकाउंट पर पोस्ट की। वॉट्सअप स्टेटस से लेकर डीपी तक पर मेहंदी और चलनी लेकर चांद देखती तस्वीरें लगी नजर आई। फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर करवाचौथ की तस्वीरें और बधाइयों की तस्वीर से पोस्ट भरे रहे।

इसलिए किए जाते हैं चंद्र दर्शन

चंद्रमा को मन का कारक माना गया है। चंद्रमा आयु, यश और समृद्धि का प्रतीक भी है। इसके अलावा इस दिन शिव परिवार की पूजा की जाती है। खासकर गणपति की पूजा की जाती है, क्योंकि गणेशजी को विघ्नहर्ता माना जाता है।

Home / Miscellenous India / देशभर में धूमधाम से मना करवाचौथ, सुहागिनों ने चांद देखकर तोड़ा व्रत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.