script

राजीव गांधी हत्या मामले में दोषी नलिनी को मिली 12 घंटे की पेरोल

Published: Feb 24, 2016 12:07:00 pm

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या मामले में उम्रकैद की सजा काट रही है नलिनी श्रीहरन

Nalini Sriharan

Nalini Sriharan

वेल्लोर। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हत्या मामले की दोषी नलिनी श्रीहरन को बुधवार को उसके पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 12 घंटे की पेरोल दे दी गई। महिला कारागार के एक अधिकारी ने बताया कि उसे 12 घंटे की पेरोल दी गई है और शाम तक वह जेल लौट आएगी। पुलिस के सिपाहियों के साथ नलिनी वेल्लोर केंद्रीय कारागार से सुबह छह बज कर 50 मिनट पर रवाना हुई। उसके साथ 10 पुलिसकर्मी भी भेजे गए हैं।

कोर्ट ने नलिनी को कोत्तुरपुरम में होने वाले अंतिम संस्कार में जाने की इजाजत दी है। यह छूट बुधवार सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक के लिए दी गई है। वह चेन्नई जा रही है जहां उसके पिता शंकर नारायणन का अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार की रस्मों में नलिनी शामिल होगी।

सुनवाई अदालत ने राजीव गांधी हत्याकांड में नलिनी को 28 जनवरी 1998 को मौत की सजा सुनाई थी। तमिलनाडु के राज्यपाल ने 24 अप्रैल 2000 को नलिनी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया। पिछले साल 14 दिसंबर को नलिनी ने मद्रास उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर तमिलनाडु सरकार को समय से पहले उसकी रिहाई के लिए उसके आवेदन पर विचार करने का आदेश देने का अनुरोध किया था। उसका तर्क था कि वह 24 साल से अधिक सजा काट चुकी है।

ट्रेंडिंग वीडियो