विविध भारत

वन विभाग ने जंगल में लगाया कैमरा, फिर कैद हुआ कुछ ऐसा कि सब रह गए हैरान

तिब्बत, साइबेरिया और यूरोप में पाए जाने वाले इस जीव को उत्तराखंड में पहली बार देखा गया है।

Dec 01, 2017 / 01:31 pm

ashutosh tiwari

देहरादून। नेलांग घाटी के गंगोत्री नेशनल पार्क में दुर्लभ जंगली बिल्ली ‘लिंक्स’ की मौजूदगी पाई गई है। इसकी पुष्टि वन विभाग और भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्लूआईआई) की ओर से नेलांग घाटी में लगाए गए कैमरों में कैद बिल्ली की फोटो कैप्चर होने से हुई है। डब्लूआईआई के डॉ. एस. सत्या कुमार के अनुसार तिब्बत, साइबेरिया और यूरोप में पाए जाने वाले इस जीव को उत्तराखंड में पहली बार देखा गया है।
जानकारों के मुताबिक लिंक्स की चार उपप्रजातियां होती हैं यूरेशियाई लिंक्स, आईबेरियन लिंक्स, कैनाडा लिंक्स व बॉबकैट। इनमें से यूरेशियाई लिंक्स आकार में सबसे बडी होती है। मध्य आकार की इस जंगली बिल्ली की लंबाई 80-130 सेंटिमीटर, ऊंचाई 60-75 सेंटिमीटर और इसका वजन 18 से 30 किलोग्राम तक होता है।
इन बिल्लियों की पहचान काले चित्ते के आधार पर होती है और ज्यादातर इनका रंग स्लेटी और भूरा होता है। यह अपनी सभी उपप्रजातियों में सबसे ऊंची होती है। इनके बडे और गद्देदार पंजे इनको बर्फ में चलने में मदद करते हैं।
ज्यादातर यह अकेले रहते हैं और हिरन व अन्य छोटे जानवरों का शिकार कर जिंदा रहते हैं। इस जीव को भोजन की कमी, अवैध शिकार के चलते काफी नुकसान होता है।

गंगोत्री पार्क के उप निदेशक श्रवण कुमार कहते हैं कि लिंक्स मिलने से साबित होता है कि पार्क का पर्यावरण तंत्र जीवों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध करवा रहा है। इसके कुछ समय पहले अरगली भेड़ भी इस इलाके में नजर आई थी।

Home / Miscellenous India / वन विभाग ने जंगल में लगाया कैमरा, फिर कैद हुआ कुछ ऐसा कि सब रह गए हैरान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.