script

हल्‍ला बोल: सीताराम येचुरी बोले, किसान और मजदूरों को बचाने के लिए मोदी सरकार को हटाना होगा

Published: Sep 05, 2018 03:01:12 pm

अच्छे दिन तभी आएंगे जब ये सरकार यहां से चली जाएगी।

नई दिल्‍ली। मोदी सरकार से नाराज देश भर के किसान और मजदूरों ने आज लाखों की संख्‍या में रामलीला मैदान पहुंचकर मोदी सरकार को बड़ा संदेश दिया। किसानों ने आज रामलीला मैदान से संसद मार्ग तक मार्च भी निकाला। इस दौरान किसानों ने आक्रोश भरे लहजे में कहा कि केंद्र सरकार ने अपनी नीतियों को बदला तो वो सरकार को बदल देंगे। बता दें कि इससे पहले भी देश के कई हिस्सों में किसानों ने राज्य सरकारों और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है। महंगाई, न्यूनतम भत्ता, कर्जमाफी समेत कई बड़े मुद्दों को लेकर देश के किसानों आज दिल्ली की सड़कों पर मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोलकर बड़ा संदेश दिया है।
येचुरी का मोदी सरकार पर हमला
हल्‍ला बोल रैली में पहुंचे सीपीआई-एम महासचिव सीताराम येचुरी ने मोदी सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि जनता के अंदर काफी आक्रोश है। लाखों की तादाद में किसान-मजदूर दिल्ली आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता को धोखा दिया है। उन्‍होंने लाखों की संख्‍या में आए देश भर के किसानों से आह्वान किया कि अगर जिंदगी को बचाना है तो मोदी सरकार को हटाना ही एकमात्र विकल्‍प है। उन्होंने कहा कि अब अच्छे दिन तभी आएंगे जब ये सरकार यहां से चली जाएगी।
खुद को चमकाने पर किया पैसा खर्च
येचुरी ने कहा कि 2019 में मोदी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने की पूरी कोशिश करेंगे। ताकि बेहतर भारत बना सकें। उन्होंने कहा कि अगले हफ्ते हम एक देशव्यापी आंदोलन का ऐलान करेंगे। उन्‍होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वो जितना पैसा विज्ञापन पर खर्च करते हैं उतना अगर अन्नदाताओं पर खर्च हुआ होता तो आज ये हालत नहीं होती।
नवंबर में राजधानी कूच
रैली में शामिल किसानों ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया तो आने वाले समय में आंदोलन और भी बड़ा होगा। किसानों का कहना है कि अगली बार देश के हर राज्य से किसान आएंगे और राजधानी का घेराव करेंगे। रैली में किसान संगठन ने कहा है कि सरकार या तो किसानों के प्रति अपनी नीति बदले वरना हम सरकार बदल देंगे। किसानों का कहना है कि 28, 29, 30 नवंबर को देश के 201 किसान संगठन हर राज्य से दिल्ली की ओर कूच करेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो