scriptजापान के बाद चीन भी भारत में हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट से जुडऩे को राजी | in india china ready to high speed rail projects | Patrika News

जापान के बाद चीन भी भारत में हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट से जुडऩे को राजी

locationनई दिल्लीPublished: Sep 13, 2017 02:45:00 pm

जापान के बाद अब चीन ने भी भारत में हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट में काम करने की इच्छा जताई है।

train china
नई दिल्ली. बुलेट ट्रेन में जापान का फायदा देखकर चीन का भी मन ललचा रहा है। चीन भी भारत में हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट को लेकर काम करना चाहता है। गुरुवार को जापान के पीएम शिंजो आब हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट नींव रखेंगे। चीन का कहना है कि वह इस तरह के प्रोजेक्ट में भारत के साथ काम करना चाहता है। चीन भारत में दो हाई स्पीड ट्रेन प्रोजेक्ट की स्टडी कर चुका है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने कहा कि चीन भारत में चेन्नई-नई दिल्ली और नई दिल्ली-नागपुर के बीच हाई स्पीड ट्रेन प्रोजेक्ट की संभावित स्टडी कर चुका है। हाई स्पीड ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर चीन और भारत महत्वपूर्ण सहमति की ओर हैं। शुआंग ने बताया कि भारत-चीन में इस प्रोजेक्ट से जुड़े विभाग एक-दूसरे से संपर्क में हैं। जल्द ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। दुनिया में जापान और चीन हाई स्पीड रेल टेक्नोलॉजी निर्यात करने वाले बड़े देश हैं। चीन ने इंडोनेशिया और थाईलैंड में हाई स्पीड ट्रेन प्रोजेक्ट पर काम किया है।
गुरुवार को रखी जाएगी सबसे तेज ट्रेन की नींव
गुरुवार को जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे के स्वागत को गुजरात का ऐतिहासिक शहर अहमदाबाद पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। शिंजो आबे की यह यात्रा कई मायने में खास है। यह यात्रा कई पुरानी परंपराओं से कुछ हटकर है। पहली विदेशी पीएम के साथ करेंगे रोड शो एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद पीएम मोदी आबे के साथ खुली बस से एक विशाल रोड शो करने वाले हैं। हवाईअड्डे से दोनों पीएम शहर के साबरमती आश्रम पहुंचेंगे। आठ किलोमीटर के इस रूट पर मोदी व शिंजों रोड शो करेंगे। ऐसा पहली बार हो रहा है जब भारतीय प्रधानमंत्री के साथ कोई अन्य देश के प्रधानमंत्री संयुक्त रोड शो करेंगे। दोनों विश्व नेताओं को रोड शो के दौरान सड़कों की ओर खड़े अहमदाबाद के लोग स्वागत करेंगे। आठ किलोमीटर तक शहर के लोग नागरिक अभिनंदन करेंगे। साबरमती रिवरफ्रंट से गुजरने वाले इस रोड शो पर 28 राज्यों के कलाकार अपने सांस्कृतिक नृत्य पेश कर भारत में विविधता की झलक देंगे।
होटल की छत पर खाएंगे खाना
खबर है कि आबे के साथ पीएम मोदी होटल की छत पर खुले आसमान के नीचे रात का भोजन करेंगे। यहां आबे और पीएम मोदी के पसंद के ढेर सारे पकवान तो होंगे ही साथ ही गुजरात की मशहूर ढोकला और खाखरा भी होगा। आबे के लिए खास गुजराती थाली भी मोदी की खास डिमांड पर मंगाई जा रही है।
100 कैमरे लगाए
आबे और मोदी की दोस्ती को लगभग 100 कैमरों से कैद की जाएगी। खबर है मोदी और आबे के रोड शो के दौरान 40 कैमरे लगाए जाएंगे ताकि कोई भी पल छूट न जाए। वहीं दूरदर्शन के 300 से अधिक कर्ममारी इस कार्यक्रम के कवरेज के लिए तैनात किए गए हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो