विविध भारत

चैनल ने किया दावा, सर्जिकल स्ट्राइक में 5 पाक सैनिक भी मारे गए

आतंकियों के लॉन्च पैड पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक में कई आतंकियों के साथ कम से कम पांच पाक सैनिक भी मारे गए थे

Oct 06, 2016 / 10:24 am

जमील खान

surgical strike

नई दिल्ली। भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के लॉन्च पैड पर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक में कई आतंकवादियों के साथ कम से कम पांच पाकिस्तानी सैनिक भी मारे गए थे। समाचार चैनल सीएनएन न्यूज18 ने बुधवार को पाकिस्तान के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के खुलासे के हवाले से यह जानकारी दी है। भारत द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक की बात कहने के लगभग एक सप्ताह बाद टेलीविजन चैनल ने दावा किया है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने चैनल के संवाददाता से टेलीफोन पर भारतीय सेना के एक-एक दावे की तस्दीक की।

संवाददाता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बन कर बात की
संवाददाता ने पाकिस्तानी अधिकारी का उच्चाधिकारी बनने का नाटक कर उससे सारी जानकारी उगलवाई। मीरपुर रेंज के पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) गुलाम अकबर को रिकॉर्डिंग में यह कहते हुए साफ सुना जा सकता है कि 29 सितम्बर की रात कई सेक्टरों में सर्जिकल स्ट्राइक हुए थे।

मीरपुर के SP ने कहा, मारे गए सैनिकों के नाम भी हैं
संवाददाता के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान, उसने स्पष्ट तौर पर कहा कि पाकिस्तानी अधिकारियों को भारतीय हमले की भनक तक नहीं लगी और पांच सैनिक मारे गए, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने कई आतंककारियों के शवों को वहां से तुरंत हटाया। चैनल ने कहा है कि उसके पास मारे गए सैनिकों के नाम भी हैं।

इस तरह बताई पूरी घटना
सीएनएन न्यूज18 के संवाददाता ने पुलिस महानिरीक्षक मुश्ताक बनकर अकबर को फोन किया और उस रात हुई क्षति की उससे जानकारी मांगी। इसके बाद अकबर ने उस रात जिन-जिन इलाकों में हमले हुए, उसकी पूरी कहानी बयान कर डाली। उसने कहा कि उस रात भीमबेर के समाना, पुंछ के हाजिरा, नीलम के दूधनियाल तथा हथियान बाला के कायानी में हमले हुए। उसने कहा कि भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के तत्काल बाद पाकिस्तानी सेना ने पूरे इलाके की घेरेबंदी कर दी। पाकिस्तानी पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पाकिस्तानी सेना शवों को एंबुलेंस में डालकर ले गई। उसने कहा कि कई को गांव में ही दफन कर दिया गया।

भारतीय DGMO के स्टेटमेंट को किया सही साबित
टेलीविजन चैनल ने दावा किया कि अकबर ने डायरेक्टर जनरल मिलिट्री आपरेशन (डीजीएमओ) लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह के एक-एक बयान की भी तस्दीक की। रणबीर सिंह ने 29 सितम्बर को हुए संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के लॉन्च पैड पर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है, जिसमें आतंकवादियों को भारी नुकसान हुआ है।

भारत ने आधिकारिक तौर पर यह घोषणा नहीं की है कि सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान कितने आतंकवादी मारे गए। केंद्र सरकार ने केवल इतना कहा कि कई आतंककारियों को मार गिराया गया। इस्लामाबाद ने हालांकि भारत के सर्जिकल स्ट्राइक के दावे को खारिज करते हुए कहा कि उस रात सीमा पर भारत की तरफ से गोलीबारी में दो पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई।

अकबर ने सर्जिकल स्ट्राइक के समय तक की पुष्टि करते हुए कहा, सर, वह रात का समय था। रात दो बजे से सुबह चार या पांच बजे तक तकरीबन 3-4 घंटे तक हमला होता रहा। उसने कहा, अलग-अलग जगहों पर हमले हुए। उन्हें प्रतिरोध का भी सामना करना पड़ा।

Home / Miscellenous India / चैनल ने किया दावा, सर्जिकल स्ट्राइक में 5 पाक सैनिक भी मारे गए

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.