झब्बर गांव में 32 साल के एक व्यक्ति और 13 साल के लड़के के शव पेड़ से लटके हुए पाए गए थे
लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में बालूमठ इलाके में दो लोगों की हत्या कर उनको पेड़ से लटकाए जाने की वारदात के बाद पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना के बाद से लोगों में डर का माहौल है और बालूमथ इलाके में धारा 144 लगा दी गई है।
लातेहार के पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने कहा कि पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया और तीन अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। कल झब्बर गांव में 32 साल के एक व्यक्ति और 13 साल के लड़के के शव पेड़ से लटके हुए पाए गए थे। ये दोनों चतरा जिले के टुटिलावा से पशुओं को लेकर अपने घर जा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि दोनों की हत्या की गई और फिर शवों को पेड़ से लटका दिया ताकि लगे कि इन लोगों ने खुदकुशी की है। उन्होंने कहा कि इस हत्या के पीछे का मकसद उनके जानवरों की लूट थी।