scriptकेरल तो पहुंच गया मानसून, जानें देश के और राज्यों में कब हो रही बारिश | Know when monsoon reach other State Date Wise | Patrika News
विविध भारत

केरल तो पहुंच गया मानसून, जानें देश के और राज्यों में कब हो रही बारिश

10 से 15 जून के बीच में मॉनसून उत्तर-भारत के इलाकों में दस्तक देगा। दिल्ली, यूपी, हरियाणा और राजस्थान के इलाकों में बारिश होगी।

May 29, 2018 / 09:02 pm

Kapil Tiwari

Mansoon

Mansoon

नई दिल्ली। पूरे उत्तर-भारत में गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे मैदानी इलाकों में तो गर्मी अपना कहर दिखा रही है, बल्कि पहाड़ी इलाकों में लोगों को 40 डिग्री तापमान का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मंगलवार को केरल के लोगों के लिए तो राहत भरा दिन रहा, क्योंकि मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। आज ही मानसून केरल पहुंचा है। हालांकि मौसम विभाग के अनुमान से तीन दिन पहले ही इस बार मॉनसून केरल पहुंच गया।
नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में 1 जून के आसपास हो सकती है मानसून की बारिश

अब इसके साथ ही ये चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि देश के बाकि राज्यों में मॉनसून कब दस्तक देगा और लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से कब राहत मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के मानचित्र के अनुसार तमिलनाडु और केरल में मॉनसून 1 जून तक राज्य के अधिकांश भाग को अपने अधीन ले लेगा। इसी के साथ मानसून उत्तर पूर्व के कुछ हिस्से को भी अपने अधीन ले लेगा। इसमें मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर के कुछ इलाके शामिल हैं। यानि कि नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में मॉनसून 1 जून तक पहुंचेगा।
1 से 5 जून के बीच में इन इलाकों में पहुंचेगा मानसून

वहीं इसके बाद 1 जून से 5 जून के बीच कर्नाटक का काफी क्षेत्र, पूरा आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का कुछ हिस्सा मानसून की बारिश से भीगेगा। मानसून के इस समय में बाकी बचे उत्तर पूर्व के राज्य भी इसकी परिधि में आ जाएंगे। इसके बाद 5 जून से 10 जून के बीच मानसून और उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा। इस दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के साथ-साथ बिहार के कुछ हिस्सों में जोरदार बारिश होगी।
10 से 15 जून के बीच में दिल्ली में दस्तक देगा मानसून

10 से 15 जून के बीच में मानसून मध्य भारत और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों को अपने आगोश में ले लेगा। इस बीच में गुजरात, मध्य प्रदेश , छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के अलावा बचे हुए पश्चिम बंगाल के इलाके में मानसून की बारिश होगी। वहीं सबसे ज्यादा भयंकर गर्मी के शिकार हो रहे राज्य दिल्ली, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब और हरियाणा के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में मानसून 15 जून से 1 जुलाई के बीच में दस्तक दे सकता है।

Home / Miscellenous India / केरल तो पहुंच गया मानसून, जानें देश के और राज्यों में कब हो रही बारिश

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो