script

लालू ने दी शहाबुद्दीन को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह, हुआ हंगामा

Published: Apr 04, 2016 02:45:00 pm

लालू यादव द्वारा घोषित आरजेडी की नई कार्यकारिणी में 5 उपाध्यक्ष, 4 महासचिव, 9 सचिव व 56 सदस्यों को जगह दी गई है

lalu yadav

lalu yadav

पटना। लालू यादव द्वारा जेल में बंद पूर्व सांसद तथा बाहुबली मो. शहाबुद्दीन को राष्ट्रीय जनता दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दिए जाने से नाराज विपक्ष ने आरजेडी पर जमकर हमला बोला है।

वरिष्ठ भाजपा नेता तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि जो व्यक्ति सजायाफ्ता है तथा पंचायत तक का चुनाव नहीं लड़ सकता उसे राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी गई है। उल्लेखनीय है कि आरजेडी की घोषित की गई नई कार्यकारिणी में 5 उपाध्यक्ष, 4 महासचिव, 9 सचिव और 56 सदस्य शामिल हैं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और मंत्री तेज प्रताप यादव के अलावा बेटी मीसा भारती का भी नाम शामिल है।

बता दें कि आरजेडी की इस नई कार्यकारिणी में 5 उपाध्यक्ष, 4 महासचिव, 9 सचिव और 56 सदस्यों को जगह दी गई है जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और मंत्री तेज प्रताप यादव के अलावा बेटी मीसा भारती को भी जगह दी गई है। लालू प्रसाद यादव ने खुद रविवार को इसकी घोषणा की है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर रघुवंश प्रसाद सिंह, तस्लीमुद्दीन, मंगनी लाल मंडल, इलियास हुसैन और झारखंड की अन्नपूर्णा देवी को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के पद पर पूर्व की तरह प्रेमचंद गुप्ता बने हुए हैं। पार्टी के महासचिव रामदेव भंडारी को महासचिव पद से हटाकर राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। इनकी जगह एस एम कमर आलम को नियुक्त किया गया है। महासचिव के पद पर जयप्रकाश नारायण यादव, कांति सिंह, अब्दुल क्यूम अंसारी, सचिव के पद पर कुमकुम राय, झारखंड से जनार्दन पासवान, हर्षवर्द्धन सिंह, दिल्ली से संजय कुमार, सर्वजीत पासवान, केरल से सी. अजयानंद, यूपी से एडवोकेट नसीम खान और रविंद्र सिंह शामिल हैं।

सुशील मोदी के हमले का जवाब देते हुए बिहार की पू्र्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि आरोप लगाने के पहले भाजपा को खुद अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए। कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए लालू यादव ने भाजपा पर भी जमकर हमला बोला। मीटिंग में उन्होंने अपने पार्टी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर घर में यह संदेश देना है कि भाजपा और संघ मजहब और रंगभेद के आधार पर देश को तोड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संघ परिवार और बीजेपी का चरित्र एंटी दलित है। ये लोग राष्ट्रीय झंडा तिरंगा के बदले अपना भगवा ध्वज लहराना चाहते हैं और हम भी चेतावनी देते हैं कि अगर झंडा के साथ कोई छेडछाड़ हुई तो तो देश का बच्चा-बच्चा कुर्बानी देगा।

ट्रेंडिंग वीडियो