script

फडणवीस सरकार ने अमोल यादव के साथ की 35,000 करोड़ की डील, 2009 में छत पर बनाया था प्लेन

locationनई दिल्लीPublished: Feb 20, 2018 05:21:14 pm

Submitted by:

Kapil Tiwari

2009 में अपनी बिल्डिंग की छत पर विमान बनाने वाले अमोल यादव के साथ महाराष्ट्र सरकार ने की 35 हजार करोड़ रुपए की डील

Amol Yadav

Amol Yadav

मुंबई: हिंदुस्तान एक ऐसा देश हैं, जहां टैलेंट की कतई कमी नहीं है और समय-समय पर ऐसा भी देखा गया है कि ये देश टैलेंटेड लोगों का महत्व जानता है। हालांकि इसके बावजूद भी भारत में कई टैलेंटेड लोगों को उनका सही प्लेटफॉर्म नहीं मिल पाता है, लेकिन इस बीच महाराष्ट्र के रहने वाले वाणिज्यिक पायलट अमोल यादव को राज्य सरकार ने अपने सपनों को उड़ान भरने का मौका दिया है। दरअसल, देश में विमान बनाने का कारखाना लगाने का सपना देखने वाले अमोल यादव के साथ महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार ने 35,000 करोड़ रुपए के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
डील के बाद 10,000 नौकरियां होंगी पैदा
मुंबई में चल रहे ‘मैग्नेटिक महाराष्ट्र’ वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पायलट अमोल यादव के साथ 35,000 करोड़ रुपए के निवेश समझौते की पेशकश की। यह समझौता यादव और महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) के बीच है। इस समझौते के बाद करीब 10,000 नौकरियां भी पैदा होंगी, जो कि युवाओं के लिए रोजगार का एक बेहतर मौका होगा। यह कारखाना पालघर जिले में 157 एकड़ से ज्यादा में फैला होगा।
सीएम ने हर मदद का दिया था भरोसा
आपको बता दें कि पिछले साल मुख्यमंत्री फडणवीस ने सतारा जिले के रहने वाले अमोल यादव को हर मुमकिन मदद देने का आश्वासन दिया था। यादव ने कहा कि मुझे प्लान्स बनाने हैं। फडणवीस चाहते हैं कि देश का पहला विमान बनाने का कारखाना महाराष्ट्र में बने। एमआईडीसी हमें जमीन और सड़क जैसी अन्य सुविधाएं देगी।
अमोल के विमान का टेस्ट होना है बाकी
अमोल यादव ने बताया कि जो उन्होंने विमान बनाया था उसका अभी तक टेस्ट नहीं हो पाया है। क्योंकि इसके लिए कुछ कंपोनेंट्स की जरूरत होगी। उसे बाहर से मंगाया गया है। जैसे ही भारत आते हैं एक बार उन कंपोनेन्ट्स को फिट कर दिया जाएगा। उसके बाद इस विमान को मार्च या फिर अप्रेल तक टेस्ट किया जाएगा। आपको बता दें कि पिछले साल अमोल यादव ने 6 सीट और 19 सीट वाले विमान बनाने वाले कारखाने के निर्माण की इच्छा सीएम के सामने रखी थी।
2009 में अपनी बिल्डिंग की छत पर बनाया था विमान
आपको बता दें कि मुंबई के रहने वाले कैप्टन अमोल यादव ने साल 2009 में ही कांदिवली में बिल्डिंग के छत पर ही तकरीबन 4 करोड़ खर्च कर 6 सीटों वाला हवाई जहाज बनाया था। इसके बाद साल 2016 में मुंबई में मेक इन इंडिया के तहत उसे प्रदर्शित भी किया गया था, लेकिन परीक्षण उड़ान की अनुमति साल 2011 से लटकी पड़ी थी। तभी से अमोल सर्टिफिकेट पाने की कोशिश कर रहे थे। इस साल फरवरी में मुंबई में मेक इन इंडिया वीक हुआ तो एक फिर से अमोल ने विमान को प्रदर्शनी में रखने के बारे में सोचा।

ट्रेंडिंग वीडियो