scriptTime: 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में मोदी, केजरीवाल शामिल | Modi, Kejriwal among 100 most influential people: Time | Patrika News

Time: 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में मोदी, केजरीवाल शामिल

Published: Apr 14, 2015 03:34:00 pm

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस सूची में सबसे आगे रहे और उन्हें 6.95 फीसदी वोट मिले

न्यूयॉर्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल टाइम मैगजीन द्वारा कराए गए ऑनलाइन सर्वे में दुनिया के सबसे प्रभावशाली 100 व्यक्तियों में शामिल किए गए हैं। मोदी को 0.6 और केजरीवाल को 0.5 प्रतिशत वोट मिले। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस सूची में सबसे आगे रहे और उन्हें 6.95 फीसदी वोट मिले।

दक्षिण कोरिया की लड़कियों के रैपर ग्रुप सीएल दूसरे पायदान पर रहा। पॉप सिंगर लेडी गागा, रिहाना और टेलर स्विफ्ट ने टॉप-5 के बाकी बचे तीन स्थानों पर जगह बनाई। अंतिम सूची इस सप्ताह के आखिर में जारी होगी। इस सूची में राजनीति, मनोरंजन, कारोबार, तकनीक, विज्ञान, धर्म और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। इन लोगों को उनके पिछले साल के काम के लिए वोट देने को कहा गया है।

मोदी के बारे में टाइम ने बताया कि, वे ऎसे लोकप्रिय नेता है जिन्होंने पिछले साल भारत की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के संकल्प के साथ सत्ता हासिल की। अमरीका के साथ करीबी रिश्ते बहाल किए और अमरीका के “रॉकस्टार” दौरे के बाद राष्ट्रपति बराक ओबामा की मेजबानी भी की। जबकि केजरीवाल के बारे में बताया गया कि 2013 में दिल्ली में सीएम के रूप में थोड़े से समय तक रहने के बाद इस साल चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों का सफाया कर दिया। इस सूची में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का भी नाम था लेकिन बाद में वे बाहर हो गए।

इस सूची में अमरीकी राष्ट्रपति का चुनाव लड़ने जा रही हिलेरी क्लिंटन, आध्यात्मिक नेता दलाई लामा, हैरी पॉटर फिल्म की अभिनेत्री एमा वॉटसन, नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई, ईसाई धर्मगुरू पोप फ्रांसिस, अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, उनकी पत्नी मिशेल ओबामा, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और एपल के सीईओ टिम कुक भी शामिल है। साथ ही भारतीय मूल के अमरीकी सर्जन जनरल विवेक मूर्ति, माइक्रोसॉफ्ट सीईओ सत्या नडेला ने भी इसमें जगह बनाई है। 
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो