scriptमुलायम के जन्मदिन पर दिखेगा सैफई में दीपावली जैसा जश्न | Mulayam Singh birthday celebrated as Diwali in Saifai, UP | Patrika News

मुलायम के जन्मदिन पर दिखेगा सैफई में दीपावली जैसा जश्न

Published: Nov 17, 2015 12:35:00 pm

मुलायम सिंह यादव के 76वें जन्मदिन के मौके पर 22 नवम्बर को उनके गृहनगर सैफई में एक बार फिर से दीपावली जैसा पर्व मनाया जाएगा

mulayam singh yadav

mulayam singh yadav

इटावा। समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया मुलायम सिंह यादव के 76वें जन्मदिन के मौके पर 22 नवम्बर को उनके गृहनगर सैफई में एक बार फिर से दीपावली जैसा पर्व मनाया जाएगा। यादव के जन्मदिन पर सैफई में भव्य समारोह की तैयारियां चरम पर है। इस दिन सिर्फ मुलायम का घर ही नहीं, बल्कि पूरा सैफई रोशनी से जगमगाएगा। लोग अपने घरों में मोमबत्तियां और झालर लगाकर खुशियां मनाएंगे। सपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे 20, 21 और 22 नवंबर को अपने घर को रोशनी से भर दें।

इस कार्यक्रम में राजनीति, उद्योग जगत और बालीवुड की कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष और करीबी रिश्तेदार लालू प्रसाद यादव सपरिवार जन्मदिन समारोह में हिस्सा लेंगे। यादव के 75वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह एक साल बाद भी रामपुर के बाशिंदों के जहन में बसा हुआ है।



इस अवसर पर सपा के कद्दावर नेता आजम खान द्वारा विशेष तौर पर लंदन से मंगायी गयी शाही बग्घी में सपा मुखिया ने सवारी की थी। यह शाही बग्घी आज भी रामपुर में खडी है। खान ने हाल ही में यादव के प्रति सम्मान का इजहार करते हुये कहा था ‘वह बहुत बडे नेता है और हमारे आदरणीय हैं। वह अपना जन्मदिन कहीं भी मनाए, मै उन्हे बधाई देने जरूर जाऊंगा।’

सैफई महोत्सव के कार्यकारी प्रबंधक वेदव्रत गुप्ता ने कहा कि हम लोगों का सौभाग्य है जो नेता जी का जन्मदिन सैफई में मनाया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में दीपावली जैसा माहौल रहेगा। गुप्ता के अनुसार मुलायम सिंह के लिए बनाए जा रहे पंडाल को थीम आधारित बनाया जा रहा है। मंच पर्यावरण संरक्षण की थीम पर आधारित होगा। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिससे प्रदेश और देश का भी भला होगा।



उन्होने कहा कि मुख्य समारोह स्थल एथलिटिक्स स्टेडियम में एक लाख लोगों के बैठने का इंतजाम किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल को भव्य पूर्ण तरीके से सजाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी लिए कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि सैफई को पूरी तरह से जन्मदिन समारोह के हिसाब से तैयार करने में उनकी टीम अभी से जुट गई है। उत्तर प्रदेश प्रधान संघ के अध्यक्ष चंदगीराम कहना है कि नेता जी के जन्मदिन को लेकर बड़े से लेकर छोटे तक के कार्यकर्ताओं में भी काफी जोश है। सभी जन्मदिन की तैयारियों में लगे हुए हैं। सैफई के जिस एथलेटिक स्टेडियम में जन्मदिन का कार्यक्रम होना है, उसे सपा के रंग में रंगा जाने लगा है। वहां पंडाल और कनात लगाने की तैयारियां भी शुरू हो गई है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि समारोह में आने वाले मेहमानों के मनोरंजन के लिए मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान अपने 300 सदस्यीय दल के साथ संगीत का जादू बिखेरेंगे। उनकी टीम के मैनेजर पिछले दिनों सैफई आकर कार्यक्रम स्थल का जायजा ले चुके हैं। इस समारोह में बालीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, सलमान खान, रितिक रोशन सहित कई नामचीन फिल्मी और रंगमंच की जानी-मानी हस्तियों के शिरकत कर सकती हैं।


loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो