scriptनासिक कुंभ: साध्वियों ने की शाही स्नान अलग जगह की मांग | Nasik Kumbh: Women pilgrimages, sadhu demanded for separate place for shahi snan and akhada | Patrika News

नासिक कुंभ: साध्वियों ने की शाही स्नान अलग जगह की मांग

Published: Jul 14, 2015 02:22:00 pm

नासिक में चल कुंभ मेले का उद्घाटन नासिक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तथा त्र्यंबकेश्वर में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने किया

nasik kumbh

nasik kumbh

नासिक। नासिक-त्रयंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेला मंगलवार से शुरू हो गया। मेले का उद्घाटन नासिक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तथा त्र्यंबकेश्वर में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। दोनों स्थानों पर कड़ी सुरक्षा के बीच पूजा, मंत्रोच्चार और परंपरागत ध्वजारोहण के साथ मेले का उद्घाटन किया गया। दोनों नेताओं ने गोदावरी नदी के किनारे स्थित आयोजन स्थल पर ध्वजारोहण किया। यह आयोजन 25 सितंबर तक चलेगा। 


हजारों ने किया गोदावरी में स्नान

प्रत्येक 12 वर्ष में एक बार आने वाले इस पवित्र कार्यक्रम के गवाह बनने के लिए दोनों ही जगहों पर हजारों श्रद्धालु, साधु-संत, विभिन्न विभागों के अधिकारी और पर्यटक मौजूद थे। कुंभ के उद्घाटन के बाद वहां मौजूद हजारों लोगों ने पवित्र स्नान के लिए गोदावरी नदी में डुबकी लगाई।


महिला साध्वियों ने की अलग अखाड़े की मांग

इस बीच नासिक कुंभ में स्नान के लिए पहुंची साध्वी त्रिकाल भैरवनाथ सरस्वती महाराज ने मांग की कि उन्हें शाही स्नान के दौरान डुबकी लगाने के लिए विशेष जगह मुहैया कराई जाए। उन्होंने अपने साथ आई साध्वियों के लिए अलग से एक अखाड़े की भी मांग की है। साध्वी ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों में महिलाएं बड़ी संख्या में हिस्सा लेती हैं। उन्हें भी बराबर का अधिकार मिलना चाहिए। अगर पुरुष साधुओं को अलग जगह दी गई है तो महिला साधुओं को क्यों नहीं? उन्होंने दावा किया कि यह अलग अखाड़े के लिए अनुमति मिल जाए तो वे लगभग 15 हजार साध्वियों को नासिक बुला सकती है।


महिला साध्वी ने सुरक्षा के लिए पुलिस कॉन्स्टेबल्स की भी मांग की है। साध्वियों की इस मांग पर नासिक के कलेक्टर दीपेंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि साध्वियों की डिमांड पूरी की जाएगी और उन्हें अलग से जगह मुहैया कराई जाएगी। हालांकि मेला शुरू होने तक उनकी इस मांग पर कोई भी कार्रवाई नहीं हुई थी।

कुंभ के लिए सरकार ने की विशेष तैयारियां

इस बार कुंभ मेले के लिए विशेष रूप से पुलिस कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। पूरे शहर में लगभग 350 सीसीटीवी लगाए गए हैं, साथ ही 80 एलईडी स्क्रीन्स भी इंस्टॉल की गई है। इन पर सिटी ट्रैफिक से लेकर मेले में मिसिंग लोगों की फोटोज तक सभी कुछ लाइव चलता रहेगा। इसके अतिरिक्त प्राइवेट रेडियो चैनल्स को भी कुंभ से जुड़ी न्यूज अपडेट्स देने के लिए साथ लिया गया है।


मेले में अनाउंसमेंट करने के लिए 12 पुलिसकर्मियों को खास तौर पर ट्रेंड किय गया है। यह एनाउंसमेंट 250 स्पीकर्स के जरिए मेला आयोजन स्थल की विभिन्न हिस्सों में किया जाएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो