नई दिल्ली: महाराष्ट्र में किसानों की बढ़ती खुदकुशी की घटना को लेकर केंद्र और महाराष्ट्र सरकार को नोटिस जारी हुआ है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस वर्ष मार्च से मई के बीच 639 किसानों की आत्महत्या से संबंधित मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए केन्द्रीय कृषि सचिव और महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा है। आयोग के अनुसार मीडिया की रिपोर्टों में कहा गया है कि किसानों की आत्महत्या के आंकड़े महाराष्ट्र सरकार ने एक सवाल के जवाब में विधानसभा में रखे हैं। किसानों की आत्महत्या का कारण फसल की बर्बादी, कर्ज का बोझ और कर्ज की अदायगी नहीं कर पाना बताया गया है।