कोलकाता

जय श्रीराम के नारे पर बंगाल में राजनीति गरमाई

ममता बनर्जी के सामने जयश्री राम का नारा, 10 गिरफ्तार, भाजपा बोली, सभी लोग बोलेंगे जय श्रीराम, कितने लोगों को गिरफ्तार करेगी पुलिस

कोलकाताMay 31, 2019 / 05:36 pm

Rabindra Rai

जय श्रीराम के नारे पर बंगाल में राजनीति गरमाई

कोलकाता
जय श्रीराम के नारे पर पश्चिम बंगाल में राजनीति गरमा गई है। पुलिस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफिले के सामने जयश्री राम का नारा लगाने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। दूसरी तरफ प्रदेश भाजपा ने ऐलान किया कि अब पार्टी सभी का अभिवादन जय श्रीराम के नारे से करेगी, देखते हैं कि ममता बनर्जी की पुलिस कितने लोगों को गिरफ्तार करती है। इस बीच पश्चिम बंगाल के प्रभारी और भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर निशाना साधते हुए लिखा कि ममता बनर्जी जी, आपको बांग्लादेशी घुसपैठियों पर, रोहिंग्याओं पर, आतंकियों पर, नकली नोट का धंधा करने वालों पर, गौ तस्करों पर, बलात्कारियों पर गुस्सा नहीं आता! भाजपा कार्यकर्ताओं के हत्यारों पर भी गुस्सा नहीं आता! जय श्रीराम सुनकर गुस्सा क्यों आ जाता है? इससे पहले लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाया था कि उनकी सरकार लोगों को जय श्रीराम के नारे लगाने से रोकती है।
इसके बाद अपनी रैलियों में खुद अमित शाह ने मंच पर जय श्रीराम के नारे लगाए थे।
उत्तर 24 परगना जिले के जगदल थाने की पुलिस ने शुक्रवार तड़के विशेष छापेमारी अभियान चलाकर १० आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि घटना के समय पुलिस के आला अधिकारियों ने वीडियो बनाया था। उक्त वीडियो के फुटेज से चिन्हित कर इन सभी को गिरफ्तार किया गया है। बाकी लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल यह नहीं बता रही है कि उक्त सभी पर किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को जगदल इलाके में कुछ लोगों ने ममता बनर्जी के काफिले के सामने जयश्री राम के नारे लगाए थे।
इसको लेकर ममता भड़क उठी थीं। मुख्यमंत्री ने अपने गुस्से का प्रदर्शन किया था। नारेबाजी कर रहे लोगों को अपराधी बताते हुए उनपर कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। नारों की आवाज सुनकर ममता अपनी गाड़ी से उतरीं। नारा लगाने वालों पर बिफर पड़ीं। उन्हें कहते हुए सुना गया कि हमारे कारण बचे हुए हो। जल्द ही इलाके में नाका चेकिंग चालू होगी, घर घर जाकर जांच पड़ताल होगी। बंगाल को गुजरात बनने नहीं दूंगी। इतना सब कुछ होने के बाद वे अपनी गाड़ी में फिर जा बैठीं, इसी बीच फिर से जयश्री राम के नारे लगने लगे। एक बार फिर ममता गाड़ी से उतरीं और नारे लगाने वालों को चुनौती देते हुए कहा कि अपराधियों को ठीक करूंगी, ये सारे लोग बंगाल के बाहर के हैं। इसके बाद उनका काफिला आगे बढ़ गया। आगे नैहाटी में एक बार फिर उनके काफिले को देखकर जयश्री राम के नारे लगे। यहां भी वे गाड़ी से उतर गईं। अपने सुरक्षाकर्मियों के घेरे में मौजूद ममता ने यहां कहा कि वे अपराधियों को भगा कर दम लेंगी। इससे पहले चुनावी प्रचार अभियान के दौरान पश्चिम मिदनापुर के चंद्रकोना में उनके काफिले के गुजरते वक्त जयश्री राम का नारा लगा था। उस समय भी वे अपनी गाड़ी से उतरीं थीं और नारा लगाने वालों को चुनौती दी थी। बाद में पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया था।
 
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.