विविध भारत

प्रेमिका से मिलने बाइक पर पहुंचा जवान, गांव वालों ने चोटी कटवा समझ कर दी धुनाई

पुंछ में एक जवान को लोगों ने चोटी कटवा समझकर पीट दिया।

Oct 12, 2017 / 09:26 pm

ashutosh tiwari

जम्मू। भारत-पाक नियंत्रण रेखा पर एक जवान को अपनी प्रेमिका का घर खोजना भारी पड़ा। जवान को लोगों ने चोटी कटवा समझ उसकी जमकर धुनाई कर दी। जानकारी के मुताबिक जवान मुस्तफा अली एलओसी पर तैनात है। हाल ही में वो छुट्टी पर अपने घर मेंढर आया था। इस दौरान वो बाइक पर अपने दोस्त के साथ अपनी प्रेमिका से मिलने गुरसाई गांव गया। जवान को प्रेमिका का घर ठीक से मालूम नहीं था।
उन्होंने करीब दर्जनभर घरों में प्रेमिका की तलाश की। जवान और उसका दोस्त जब प्रेमिका का घर खोजने में सफल नहीं हुए तो उन्होंने वहां बंधे पशुओं को खोल दिया। इससे गांव वाले जग गए। कश्मीर घाटी में इन दिनों चोटी काटने की घटना बढ़ती जा रही है ऐसे में गांव वालों ने उन दोनों को चोटी कटवा समझ लिया।
गांव वालों को देख जवान मुस्तफा भागने लगा लेकिन उसको गांव वालों ने पकड़ लिया हालांकि इस दौरान जवान का दोस्त फरार होने में कामयाब हो गया। इस पर गांव वालों ने पहले उसकी पिटाई की उसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वो चोटी कटवा नहीं बल्कि अपनी प्रेमिका से मिलने गांव में गया था।
कश्मीर घाटी में चोटी कटवा का आतंक जारी
कश्मीर घाटी में इन दिनों आतंकवाद और आजादी के अलावा एक और मुद्दे ने तूल पकड़ लिया है। चोटी कटवा के बढ़ते आतंक को लेकर अब लोग सड़कों पर उतर आए हैं। कश्मीर घाटी में चोटी कटवा की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए गुरुवार को प्रदर्शन का ऐलान किया गया था। इस दौरान ऐहतियातन सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद रखा गया। रिपोर्ट के मुताबिक कश्मीर घाटी में अब तक सौ से ज्यादा चोटी कटने की घटनाएं हो गई हैं। वहीं मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है।
जानकारी देने वाले को 6 लाख का इनाम
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा के बाद अब जम्मू-कश्मीर में चोटी कटवा का आंतक जारी है। चोटी कटवा के बढ़ते आतंक को देखते हुए लोगों में पुलिस के प्रति नारजगी बढ़ती जा रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इन घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों की जानकारी देने वाले को 6 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। इससे पहले पुलिस ने चोटी कटवा की जानकारी देने पर तीन लाख का इनाम रखा था। पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक चोटी काटने की घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति के बारे में सूचना देने या उसे पकड़वाने में सहायता करने की राशि दोगुनी कर छह लाख रुपये कर दी गई है। सूचना देने वाले शख्स या लोगों का नाम और अन्य जानकारी को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।

Home / Miscellenous India / प्रेमिका से मिलने बाइक पर पहुंचा जवान, गांव वालों ने चोटी कटवा समझ कर दी धुनाई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.