कोलकाता

गर्भवती महिला ही निकली बच्चा चोर

– 48 घंटे के बाद मिला 25 दिन का बच्चा

कोलकाताJan 18, 2018 / 08:08 pm

Vanita Jharkhandi

– पुलिस गिरोह की तलाश में
सिलीगुड़ी . बच्चा चोरी किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी के 48 घंटे के भीतर बच्चे को ढूंढ निकाला। इस मामले में बच्चा चोर महिला सहित दो जनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सबिता गड़ाई और उसके पिता सुकुमार दत्त को धुपगुड़ी पूर्व मल्लिक पाड़ा के एक घर से गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार मंगलवार को सिलीगुड़ी अस्पताल में एक महिला अपने 25 दिन के बच्चे को लेकर डॉक्टर के पास आई थी। उसी समय सबीता ने उसका बच्चा चोरी कर लिया। मामला पुलिस को पता चला। सीसीटीवी फुटेज में बच्चा चोरी करते दिखती सबीता की तस्वीरें सोशल मीडिया में सावर्जनिक की गईं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। सबीता ने पुलिस को बताया कि वह खुद आठ महीने की गर्भवती है। इसलिए डाक्टर दिखाने आई थी। बच्चा बहुत प्यारा लगा इसलिए लेकर चली गई। वहीं उसके पिता सुकुमार गिरफ्तारी से बचने के लिए सिलीगुड़ी छोड़कर धूपगुड़ी में जाकर छुप गए थे।
बच्चे के पिता सुशान्त ने बताया कि 25 दिनों पहले ही उनका बेटा हुआ था। पत्नी अपनी छोटी बहन सरस्वती के साथ डॉक्टर को दिखाने गई थी। डॉक्टर के चेम्बर में जाते वक्त उसने सरस्वती को बच्चा थमा दिया। इसी दौरान सबीता सरस्वती के पास आई और कहा कि बच्चे को धूप में ले चलो। थोड़ी देर बाद उसने बच्चे को गोद में लिया प्यार करने लगी। इस बीच उसने सरस्वती को झांसा दिया और बच्चे को मां के सुपर्द करने की बातकह कर अपने साथ ले गई। मामले का पता चलने के बाद थाने में शिकायत दर्ज की गई। सीसीटीवी फुटेज देखा गया। जिसमें सबीता और उसके पिता चोरी किए गए बच्चे के साथ दिखाई दिए। पुलिस सबीता से पूछताछ कर रही है और बच्चा चोर गिरोह का पता लगाने में जुटी है। बच्चे को वापस पा कर मां और पिता के साथ ही पूरा गांव खुश है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.