scriptप्रधानमंत्री ने कहा, योगीजी भी कम खिलाड़ी नहीं | Prime Minister said Yogiji bhi kam khiladi nahi | Patrika News

प्रधानमंत्री ने कहा, योगीजी भी कम खिलाड़ी नहीं

locationनई दिल्लीPublished: Jan 12, 2018 05:36:43 pm

Submitted by:

Mazkoor

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनोखे अंदाज में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की तारीफ की।

yogi-modi
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में युवा सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ की अपने अंदाज में तारीफ की। उन्होंने कहा कि योगी जी भी कम खिलाड़ी नहीं हैं। कई राज्यों में बहुत लोगों के साथ हमारे योगी जी ट्विटर-ट्विटर का खेल खेल रहे हैं और ट्विटर के इस खेल में भी अच्छे अच्छे खिलाडिय़ों को उन्होंने परास्त कर के रख दिया है। दरअसल, मोदी ट्विटर पर हाल ही में योगी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बीच हुई झड़प पर परोक्ष रूप से चुटकी ले रहे थे। कुछ दिन पहले योगी जब कर्नाटक में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे तो राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से ट्विटर पर उनकी अच्छी-खासी झड़प हो गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंच पर मौजूद केन्द्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के लिए कहा कि यह मंत्री बाद में हैं, उससे पहले ओलंपिक पदक विजेता हैं। यह युवा महोत्सव राष्ट्रीय युवा दिवस यानी स्वामी विवेकानंद की जयंती पर हर साल मनाया जाता है। यह कार्यक्रम चार दिनों तक चलेगा।
कहा, युवा लें विवेकानंद के कथनों से सीख
पीएम मोदी ने ग्रेटर नोएडा में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद के कथनों से जोडक़र आज के समय में सीख लेने की प्रेरणा दी। प्रधानमंत्री ने मॉक पार्लियामेंट का भी जिक्र किया। कहा कि आज से ही राष्ट्रीय युवा महोत्सव की शुरुआत हो रही है। वे नेशनल यूथ अवॉर्ड पाने वाले छात्रों और संस्थाओं की बधाई देते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने महोत्सव की थीम ‘संकल्प से सिद्धि’ को भी समझाया। उन्होंने कहा कि हमने स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा तो नहीं लिया, लेकिन उन सपनों को पूरा करने की जिम्मेदारी हमारी है, जिन्हें आजादी के दीवानों ने देखा था। जब हम उस सपने को देखेंगे और जियेंगे तो उसका संकल्प लेना भी
आसान होगा।
जॉब क्रिएटर हो नौजवान
पीएम ने कहा कि वे चाहते हैं कि देश का नौजवान जॉब क्रिएटर बने। इनोवेटिव करने के लिए आगे आए। किताब में पढऩा कि हवाई जहाज कैसे बनता है, उसकी बारीकियों को समझना, ये सब शिक्षा है, लेकिन कौशल होने पर ही कोई हवाई जहाज उड़ा सकता है। सिर्फ शिक्षा हो और कौशल न हो तो रोजगार मिलने में मुश्किल होती है। इसलिए हम कौशल बढ़ाने पर फोकस करते हैं। इसके लिए स्किल इंडिया कार्यक्रम चलाया जा रहा है और इंडिया इंटरनेशनल स्किल सेंटर भी खोले जा रहे हैं। प्रधानमंत्री युवा योजना के तहत 3000 संस्थानों में छात्रों को ट्रेनिंग देने का काम तेजी से चल रहा है। कुछ लोग कहते हैं कि आज के युवा में धैर्य नहीं है, लेकिन यही बात आज के नौजवानों के लिए गंभीर इनोवेशन का मार्ग बन जाती है। हममें धैर्य होना चाहिए, लेकिन ऐसा ना हो कि व्यक्ति बिल्कुल ठहर जाए। आपके इनोवेशन सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए हैं। इनोवेशन की जरूरत को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अटल इनोवेशन मिशन शुरू किया है। उनकी क्रिएटिविटी बढ़ाने के लिए अटल टिंकरिंग लैब की स्वीकृति दी गई है। सरकार ने 10 हजार करोड़ की राशि से स्टार्टअप फंड बनाया है। युवा अपने इनोवेशन का पेटेंट करा सकें, इसके लिए कानूनी मदद दी जा रही है। जब आप कॉलेज से निकलेंगे और अपना कुछ नया काम करेंगे तो इन सभी पहलों से आपको मदद मिलेगी।
खेलों को बढ़ावा देने पर दिया जोर
पीएम ने कहा कि दुनिया में हर कोई सुविधा पाकर आगे बढ़ा है ये जरूरी नहीं है। संघर्ष करके भी आगे बढ़ा जा सकता है। कई विदेशी कंपनियों को बड़े स्तर पर भारतीय चला रहे हैं। आपने देखा कि दो दिन पहले ही आंचल ठाकुर ने भारत को स्कीइंग में पहला मेडल दिलाया है। मानुषी छिल्लर ने देश का नाम रोशन किया है। सागर परिक्रमा के लिए छह बेटियां निकली हुई हैं। पीएम मोदी ने खेलों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल शिक्षा का भी तरीका है। ये शरीर और मस्तिष्क दोनों को स्वस्थ रखता है। खेल का मैदान हार का मतलब समझाता है और जीत को पचाना सीखाता है। अंत में नरेंद्र मोदी ने योग के महत्व पर भी जोर दिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो