scriptRBI ने दीवाली पर लोगों को दिया ये तोहफा, एक क्लिक में जानें दिन की बड़ी खबरें | RBI gave gift to people on Diwali, sanjay nirupam target on congress | Patrika News

RBI ने दीवाली पर लोगों को दिया ये तोहफा, एक क्लिक में जानें दिन की बड़ी खबरें

Published: Oct 04, 2019 04:12:59 pm

Submitted by:

Shivani Singh

बालाकोट एयरस्ट्राइक वीडियो
नाराज संजय निरुपम ने कांग्रेस आलाकमान पर बोला हमला
महाराष्ट्र भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की चौथी सूची

rbi

1.बालाकोट एयरस्ट्राइक वीडियो

बालाकोट एयरस्ट्राइक का पहला वीडियो सामने आया है। यह वीडियो करीब 7 महीने बीत जाने के बाद बालाकोट एयरस्ट्राइक का सबसे बड़ा सबूत बनकर दुनिया के सामने आया है। दरअसल शुक्रवार को भारतीय वायुसेना ने बालाकोट एयरस्ट्राइक पर एक शॉर्ट फिल्म जारी की है, जिसमें एयरस्ट्राइक के भी विजुअल हैं। इस वीडियो में भारतीय वायुसेना पाक अधिकृत कश्मीर के बालाकोट में घुसकर एयरस्ट्राइक करती हुई नजर आ रही है। इस वीडियो में एयरस्ट्राइक से पहले की तैयारियों को भी दिखाया गया है।

2. नाराज संजय निरुपम ने कांग्रेस आलाकमान पर बोला हमला

कांग्रेस के लिए प्रचार नहीं करने के ऐलान के बाद कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस आलाकमान पर जमकर हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपनी पसंद के उम्मीदवारों को टिकट नहीं दिए जाने से संजय निरुपम काफी नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठे लोगों में समझ की कमी है। पार्टी ने योग्य लोगों के साथ न्याय नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ जुड़े लोग साजिश रच रहे हैं। निरुपम ने पार्टी छोड़ने की भी बात कही।

3. महाराष्ट्र भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की चौथी सूची

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में सियासी हलचल जोरों पर है। भाजपा ने शुक्रवार को पार्टी के सात उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी कर दी है। वहीं, चौंकाने वाली बात ये है कि भाजपा की इस लिस्ट में पार्टी के 3 कद्दावर नेताओं विनोद तावड़े, एकनाथ खडसे और प्रकाश मेहता का नाम नहीं है। जबकि भाजपा ने इस बार एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे को मुक्ताईनगर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।

4.कश्मीर मुद्दे पर कांग्रेस को भी बर्दाश्त नहीं ट्रंप की मध्यस्थता

कश्मीर मुद्दे पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से आ रही मध्यस्थता की खबरों पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने एकबार फिर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि ये हमारा आंतरिक मामला है और इस पर किसी की भी मध्यस्थता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आपको बता दें कि पीएम मोदी के अमरीकी दौरे के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता की पेशकश की थी, लेकिन भारत में सभी राजनीतिक दलों ने इस बात को खारिज कर दिया है।

5.RBI ने दीवाली का दिया तोहफा

देश की इकोनॉमी को रफ्तार देने के लिए आरबीआई ने एक बार फिर ब्याज दरों में कटौती कर दी है। रिजर्व बैंक ने रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती की है। इस कटौती के बाद ब्याज दर 5.15 फीसदी पर आ गई हैं। RBI ने इस साल लगातार पांचवीं बार ब्याज दरों में कटौती की है।

6.आतंकवाद मुद्दे पर छवि सुधारने की कोशिश में पाकिस्तान

तालिबान के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से मुलाकात की है। इस दौरान उन्होंने तालिबान को नसीहत दी है कि युद्ध कोई समाधान नहीं है। बताया जा रहा है कि यह बैठक तालीबान को अफगान शांति प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने के लिए समझाने के लिए शुरू की गई है। पाक ने आतंकी संगठन से कहा है कि वे अफगानिस्तान में चल रहे संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान निकालने में मदद करे।

7. 50 सेलिब्रिटीज के खिलाफ FIR दर्ज

देश में बढ़ रहे मॉब लिंचिंग के मामलों पर चिंता जताने वाली देश की जानी मानी हस्तियों की मुश्किल बढ़ने जा रही है। कुछ महीने पहले करीब 50 सेलिब्रिटीज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम चिंता जाहिर करते हुए एक खुला खत लिखा था। अब इन हस्तियों को ये खुला खत भारी पड़ गया है। इन हस्तियों के खिलाफ बिहार के मुजफ्फरपुर में FIR दर्ज कराई गई है। बता दें कि इन सेलिब्रिटीज में रामचंद्र गुहा, मणि रत्नम, अनुराग कश्यप और अपर्णा सेन समेत 50 लोग शामिल थे।


8. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जा रहा है टेस्ट मैच

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच विशाखापट्टनम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन के पहले सत्र में दक्षिण अफ्रीका ने वापसी की है। गुरुवार के स्कोर तीन विकेट पर 39 रन से आगे खेलने उतरी साउथ अफ्रीका ने अभी 5 विकेट के नुकसान पर 200 से ज्यादा रन बना लिए हैं। वहीं इससे पहले दूसरे दिन गुरुवार को रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल की जोड़ी ने बेहतरीन साझेदारी कर एक रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो