विविध भारत

भाजपा का साथ छोड़ सकते हैं शत्रुघ्न सिन्हा, कहा- इंतजार कीजिए, जल्द मिलेंगे परिणाम

– गुरुवार को राबड़ी देवी से मिलने उनके आवास पर पहुंचे सिन्हा- रफाल मामले में दस्तावेज गुम हो जाने को शर्मनाक बताया – भारतीय कार्रवाई में मारे गए आतंकियों की संख्या को सामने लाने को कहा

Mar 08, 2019 / 12:40 am

Mohit Saxena

भाजपा का साथ छोड़ सकते हैं शत्रुघ्न सिन्हा, कहा- इंतजार कीजिए, जल्द मिलेंगे परिणाम

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व से लगातार अपनी नाराजगी जता चुके सांसद श़त्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रफाल मामले से जुड़े दस्तावेज रक्षा मंत्रालय से चोरी हो जाना शर्म की बात है। इस दौरान सिन्हा ने जल्द ही भाजपा छोड़ने के संकेत भी दिए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पटना साहिब से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। दोनों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने संकेत दिए कि वह भाजपा छोड़ सकते हैं। उन्होनें कहा कि अब तो घड़ी नजदीक ही आ रही है। इंतजार कीजिए, परिणाम मिलेंगे और अच्छे मिलेंगे।
सरकार को सबूत देना चाहिए

रफाल मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही है। इस मामले में वह ज्यादा कुछ नहीं बोल सकते। लेकिन वह इतना तो कह ही सकते हैं कि इतने अति अहम मामले में दस्तावेज का रक्षा मंत्रालय से चोरी हो जाना शर्म की बात है। दुख की बात है। उन्होंने इस दौरान पाकिस्तान पर भारत की कार्रवाई पर कहा कि पार्टी के अध्यक्ष ने बिना किसी सबूत के 250 आतंकवादियों के मरने की बात कही। इसके बाद कई मंत्री अलग-अलग आंकड़े दे रहे हैं। इतना ही नहीं, शहीदों के परिवार भी सबूत खोज रहे हैं। सरकार को सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए भी सबूत देना चाहिए। राबड़ी देवी से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर सिन्हा ने कहा कि वह राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव से मिलने गए थे,क्योंकि ये लोग उनके परिवार की तरह हैं और इनसे उनका परिवारिक नाता है। राजद के टिकट पर चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह इस पर जल्द ही निर्णय लेंगे।

Home / Miscellenous India / भाजपा का साथ छोड़ सकते हैं शत्रुघ्न सिन्हा, कहा- इंतजार कीजिए, जल्द मिलेंगे परिणाम

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.