scriptअयोध्या मामले पर SC के बड़े फैसले से लेकर दिवाली से पहले सरकार के तोहफे तक दिन भर की 10 बड़ी खबरें | Supreme court's decision on Ayodhya case to government's gift before Diwali | Patrika News

अयोध्या मामले पर SC के बड़े फैसले से लेकर दिवाली से पहले सरकार के तोहफे तक दिन भर की 10 बड़ी खबरें

Published: Oct 04, 2019 10:40:08 pm

Submitted by:

Navyavesh Navrahi

सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या मामले पर बहस की अंतिम तिथि एक दिन घटाई
आतंकवाद मुद्दे पर छवि सुधारने की कोशिश में पाकिस्तान
महाराष्ट्र में भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की चौथी सूची

bg1.jpg

1. सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या मामले पर बहस की अंतिम तिथि एक दिन घटाई

अयोध्या मामले को लेकर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा आदेश सुनाया। विवादित जमीन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों से मामले की बहस एक दिन पहले खत्म करने के निर्देश दिए। सर्वोच्च न्यायालय ने सभी पार्टियों को 18 की जगह 17 अक्टूबर तक बहस पूरी करने को कहा है। सर्वोच्च अदालत के इस आदेश का मतलब है कि आगामी 17 अक्टूबर तक सभी पक्षों के तर्क खत्म हो जाएंगे। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के पास इस मामले का फैसला लिखने के लिए एक माह का समय मिलेगा।

2. बालाकोट एयरस्ट्राइक का पहला वीडियो आया सामने

बालाकोट एयरस्ट्राइक का पहला वीडियो सामने आया है। यह वीडियो करीब 7 महीने बीत जाने के बाद बालाकोट एयरस्ट्राइक का सबसे बड़ा सबूत बनकर दुनिया के सामने आया है। दरअसल शुक्रवार को भारतीय वायुसेना ने बालाकोट एयरस्ट्राइक पर एक शॉर्ट फिल्म जारी की है, जिसमें एयरस्ट्राइक के भी विजुअल हैं। वीडियो में भारतीय वायुसेना पाक अधिकृत कश्मीर के बालाकोट में घुसकर एयरस्ट्राइक करती हुई नजर आ रही है। वीडियो में एयरस्ट्राइक से पहले की तैयारियों को भी दिखाया गया है।

3. नाराज संजय निरुपम ने कांग्रेस आलाकमान पर बोला हमला

कांग्रेस के लिए प्रचार नहीं करने के ऐलान के बाद कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस आलाकमान पर जमकर हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अपनी पसंद के उम्मीदवारों को टिकट नहीं दिए जाने से संजय निरुपम काफी नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठे लोगों में समझ की कमी है। पार्टी ने योग्य लोगों के साथ न्याय नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ जुड़े लोग साजिश रच रहे हैं। निरुपम ने पार्टी छोड़ने की भी बात कही।

4. महाराष्ट्र भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की चौथी सूची

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में सियासी हलचल जोरों पर है। भाजपा ने शुक्रवार को पार्टी के सात उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी कर दी है। वहीं, चौंकाने वाली बात ये है कि भाजपा की इस लिस्ट में पार्टी के 3 कद्दावर नेताओं विनोद तावड़े, एकनाथ खडसे और प्रकाश मेहता का नाम नहीं है। जबकि भाजपा ने इस बार एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे को मुक्ताईनगर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।

5. आतंकवाद मुद्दे पर छवि सुधारने की कोशिश में पाकिस्तान

तालिबान के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से मुलाकात की है। इस दौरान कुरैशी ने तालिबान को नसीहत दी है कि युद्ध कोई समाधान नहीं है। बताया जा रहा है कि यह बैठक तालिबान को अफगान शांति प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने के लिए समझाने के लिए शुरू की गई है। पाक ने आतंकी संगठन से कहा है कि वे अफगानिस्तान में चल रहे संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने में मदद करे।

6. राहुल गांधी ने पीएम पर साधा निशाना

कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्हों ने अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी अर्थव्यवस्था थी। जो पीएम मोदी की गलत नीतियों की वजह से बर्बाद हो रही है। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी को देश की जनता को इस बात का जवाब देना होगा कि उन्होंएने ऐसा क्यों किया। उन्हों ने भारतीय अर्थव्‍यवस्थाव को बर्बाद कर देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी को बढ़ावा क्यों दिया?

7. चुनाव से पहले केजरीवाल सरकार का तोहफा

दक्षिण-पश्चिरम दिल्ली के द्वारका से नजफगढ़ के बीच ग्रे लाइन पर शुक्रवार से मेट्रो सेवा की शुरुआत हो गई। इस कॉरिडोर में द्वारका, नंगली और नजफगढ़ तीन स्टेशन हैं। द्वारका स्टेशन ब्लू लाइन और ग्रे लाइन के लिए इंटरचेंज स्टेशन है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार- दिल्ली मेट्रो का द्वारका-नजफगढ़ कॉरिडोर शुक्रवार से आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य एवं नागर विमानन राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। आम लोगों के लिए शुक्रवार शाम पांच बजे से इस सेवा की शुरुआत हो जाएगी।

8. RBI ने दिया दीवाली का तोहफा

देश की इकोनॉमी को रफ्तार देने के लिए आरबीआई ने एक बार फिर ब्याज दरों में कटौती की है। रिजर्व बैंक ने रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती की गई है। इस कटौती के बाद ब्याज दर 5.15 फीसदी पर आ गई हैं। RBI ने इस साल लगातार पांचवीं बार ब्याज दरों में कटौती की है।

9. 50 सेलिब्रिटीज के खिलाफ FIR दर्ज

देश में बढ़ रहे मॉब लिंचिंग के मामलों पर चिंता जताने वाली देश की जानी मानी हस्तियों की मुश्किल बढ़ने जा रही है। कुछ महीने पहले करीब 50 सेलिब्रिटीज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम चिंता जाहिर करते हुए एक खुला खत लिखा था। अब इन हस्तियों को ये खुला खत भारी पड़ गया है। इन हस्तियों के खिलाफ बिहार के मुजफ्फरपुर में FIR दर्ज कराई गई है। बता दें कि इन सेलिब्रिटीज में रामचंद्र गुहा, मणि रत्नम, अनुराग कश्यप और अपर्णा सेन समेत 50 लोग शामिल थे।

10. IND vs SA : एल्गर और डिकॉक के शतक की बदौलत द. अफ्रीका की वापसी

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच विशाखापट्टनम में टेस्ट मैच खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ आठ विकेट के नुकसान पर 385 रन बना कर मैच को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया है। हालांकि भारत का पलड़ा अब भी भारी है। भारत ने अपनी पहली में 7 विकेट के नुकसान पर 502 रन बनाकर घोषित कर दी थी। इस तरह अब भी भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका पर 117 रनों की बढ़त हासिल है। कल का मैच भारत के लिहाज से अहम होगा।

ट्रेंडिंग वीडियो