पंजाब ने भी किया है मुआवजे का ऐलान
इससे पहले पंजाब सरकार ने राज्य के रहने वाले 27 लोगों को 5-5 लाख मुआवजे का ऐलान किया था। इसके अलावा पंजाब सरकार की तरफ से प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गई थी। इसके साथ ही राज्य सरकार प्रत्येक परिजनों में से किसी एक को 20 हजार रुपए प्रति महीने पेंशन भी देगी। इराक के मोसुल में मार गए 39 भारतीयों में से 27 लोग पंजाब के रहने वाले थे।
मुश्किल से मैच हुआ डीएनए सैंपल
केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने कहा है कि बड़ी मुश्किल से मृतकों का डीएनए सैंपल मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसके लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। वीके सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी इस मामले में काफी संवदेनशील थे। उन्होंने बताया कि मैं खुद चार बार इराक गया था। काफी मशक्कत के बाद मोसुल के बदूश पहाड़ी में भारतीयों के शवों के अवशेष मिले। विदेश राज्यमंत्री के अनुसार इस मामले में केंद्र सरकार ने कभी भी देश को गुमराह नहीं किया। आपको बता दें कि विपक्ष ने इस मामले में केंद्र सरकार पर देश के लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है।