script

विक्रम लैंडर की जांच से लेकर महाराष्ट्र में सीटों के बंटवारे तक अब तक की बड़ी खबरें

Published: Sep 26, 2019 11:17:38 pm

Submitted by:

Navyavesh Navrahi

चंद्रयान-2: विशेषज्ञों की समिति करेगी विक्रम लैंडर से जुड़े मामले की जांच
महाराष्ट्र: विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों का बंटवारा
बिग बॉस की शुरुआत से पहले कोर्ट जाएंगे सलमान

bg1.jpg

जनरल बिपिन रावत बनेंगे आखिरी सीओएससी! कल संभालेंगे पद

सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत शुक्रवार को एक नए पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ के हाथ से बिपिन रावत शुक्रवार को चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (सीओएससी) के नए चेयरमैन का चार्ज लेंगे। इस सप्ताह के अंत में मौजूदा वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं।
धनोआ शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी यानी सीओएससी के चेयरमैन की कमान मौजूदा सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत को सौंपेंगे। बता दें कि चेयरमैन ऑफ चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी यानी सीओएससी का पद तीनों सेनाओं के सबसे वरिष्ठ अधिकारी को मिलता है। संभवता जनरल बिपिन रावत सीओएससी बनने वाले आखिरी व्यक्ति होंगे क्योंकि केंद्र सरकार अब चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) का पद ले आई है।

चंद्रयान-2: विशेषज्ञों की समिति करेगी विक्रम लैंडर से जुड़े मामले की जांच

इसरो प्रमुख के सिवन ने विक्रम लैंडर को लेकर बड़ा बयान दिया है। इसरो चीफ ने कहा कि विशेषज्ञों की एक समिति विक्रम लैंडर से जुड़े मामले की जांच करेगी। इसके लिए एक राष्ट्रीय समिति का गठन किया जाएगा। बता दें कि सिवन शहर में इंडियन सोसाइटी ऑफ सिस्टम्स फॉर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आईएसएसई)की ओर से आयोजित एक सम्मेलन में पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने चंद्रयान-2 ऑर्बिटर को लेकर संतोष जताया। साथ उन्होंने कहा कि अब तक विक्रम लैंडर से कोई भी सिग्नल हासिल नहीं हो सका है।

महाराष्ट्र: विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों का बंटवारा

महाराष्ट्र में शिवसेना और बीजेपी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर फैसला हो गया है। जानकारी के अनुसार- दोनों पार्टियों के बीच सहमति बन गई है। विधानसभा चुनाव में भाजपा 144 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, शिवसेना 126 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। 18 सीटों पर सहयोगी दल लड़ेंगे। साथ ही शिवसेना ने उपमुख्यमंत्री पद के प्रस्ताव को भी स्वीकार कर लिया है। सीट बंटवारे की औपचरिक घोषणा जल्द की जा सकती है।
इससे पहले गृहमंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली में गुरुवार को एक बैठक बुलाई थी। सीट बंटवारे को लेकर चल रही तनातनी के बीच अमित शाह को अपना मुंबई दौरा तक रद्द करना पड़ा। शाह गुरुवार को मुंबई जाने वाले थे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में 21 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। जबकि 24 अक्टूबर को नतीजे आएंगे।

आचार संहिता का पालन करने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने जताई सहमती

चुनाव आयोग ने कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप ने भविष्य के सभी चुनावों में स्वैच्छिक आचार संहिता के पालन पर सहमति जताई है। आयोग ने कहा कि वे महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों में भी इसका पालन करेंगे। पेड विज्ञापनों के खिलाफ ये संहिता बनाई गई थी और पिछले लोकसभा चुनावों में 20 मार्च को ये प्रभावी हुई थी। पेड विज्ञापन चुनाव आयोग की ओर से निर्धारित किए गए नियमों का उल्लंघन करते हैं।
चुनाव आयोग ने बयान जारी कर कहा कि इंटरनेट और मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएएमएआई) अपने सदस्यों की तरफ से भविष्य के सभी चुनावों में स्वैच्छिक आचार संहिता का पालन करने पर सहमत हुई है।
पिछले लोकसभा चुनावों के दौरान विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने चुनाव आयोग की तरफ से रिपोर्ट किए गए 909 उल्लंघनकारी मामलों में कार्रवाई की थी। संहिता के मुताबिक चुनाव समाप्त होने के 48 घंटे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई राजनीतिक प्रचार नहीं होगा।

फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति जैक शिराक का निधन

फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति और मध्यमार्गी- दक्षिणपंथी राजनेता जैक शिराक का निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। गुरुवार को शिराक के परिवार वालों ने इसकी जानकारी दी है।
मीडिया से बात करते हुए शिराक के दामाद फ्रेडरिक सलात-बारौक्स ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति शिराक ने आज (गुरुवार) सुबह अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली। बता दें कि शिराक 1995 से 2007 तक फ्रांस के राष्ट्रपति रहे थे। वे दो बार फ्रांस के राष्ट्रपति बने। इसके अलावा वे फ्रांस के प्रधानमंत्री रहे। वे 18 साल तक पेरिस के मेयर भी रहे। शिराक ने अन्य देशों से रिश्ते बेहतर करने के लिए राजनयिक के तौर पर काम किया और पश्चिम एशिया और अफ्रीकी देशों के साथ बेहतर रिश्ते बनाए।

बिग बॉस की शुरुआत से पहले कोर्ट जाएंगे सलमान

बिग बॉस का अगला सीजन शुरू होने वाला है। लेकिन शो की शुरूआत से पहले सलमान खान को कोर्ट जाना पड़ सकता है। दरअसल, काले हिरण के शिकार और अवैध हथियार के मामले में शुक्रवार को सलमान खान की जोधपुर में पेशी है। पिछली बार 27 सितंबर 2019 को सलमान खान कोर्ट में पेश नहीं हुई थे। जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें हाजिरी माफी लगाई थी । कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा था कि अगली बार अगर नहीं आएंगे तो कार्रवाई होगी। कोर्ट की इस फटकार के बाद ऐसा माना जा रहा है कि सलमान खान शुक्रवार को कोर्ट में पेश हो सकते हैं।

देश की पहली महिला राज्य क्रिकेट प्रमुख बनी एन. श्रीनिवासन की बेटी

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन की बेटी रूपा गुरुनाथ को तमिलनाडु क्रिकेट संघ की नई अध्यक्ष चुना गया है। रूपा को गुरुवार को टीएनसीए की 87वीं वार्षिक आम सभा में निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। रूपा बीसीसीआई के किसी भी राज्य संघ की अध्यक्ष बनने वाली पहली महिला हैं। उन्होंने इस पद के लिए बुधवार को नामांकन करने के अंतिम दिन अपना पर्चा भरा था। सुप्रीम कोर्ट ने 20 सितम्बर को अपने फैसले में टीएनसीए के नए अधिकारियों को चुनने के लिए चुनाव करान की अनुमति दी थी। रूपा के पिता एन. श्रीनिवासन आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स टीम के मालिक हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो