scriptWeather Forecast: दिल्ली समेत उत्तर भारत में तेज गर्मी-लू के थपेड़ों से नहीं मिलेगी राहत, सोमवार से और चढ़ सकता है पारा! | Weather Forecast:no relief from heat waves in North India including Delhi, mercury may rise further from Monday! | Patrika News
विविध भारत

Weather Forecast: दिल्ली समेत उत्तर भारत में तेज गर्मी-लू के थपेड़ों से नहीं मिलेगी राहत, सोमवार से और चढ़ सकता है पारा!

Highlights

मौसम विभाग के अनुसार 27 मई तक नहीं गर्मी से राहत के आसार
पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान का चुरू रहा सबसे गर्म शहर
28 मई के बाद मिल सकती है गर्मी से थोड़ी-सी राहत

नई दिल्लीMay 24, 2020 / 11:56 am

Navyavesh Navrahi

mausam.jpg
कोरोना संकट (corona distress) के बीच गर्मी भी उत्तर भारत पर अपना रौद्र रूप दिखा रही है। पिछले दो दिन से दिल्ली में गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार- दिल्ली में तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को तो कई राज्यों में पारा 45 डिग्री पार कर गया। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ और दिन तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। यानी दो दिनों से चल रहे लू के थपेड़ों से अभी राहत नहीं मिलने वाली। मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 मई तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। शानिवार को राज्य के 27 जिलों में अधिकतम तापमान 42 से लेकर 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
28 के बाद धूल भरी आंधी के साथ होगी बारिश

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार- पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे गर्म शहर राजस्थान का चूरू रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार- अगले कुछ दिनों में राजधानी दिल्ली में शुष्क, गर्म हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान 46- 47 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसके बाद 28 मई की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा। इस कारण धूल भरी आंधी या गरज के साथ बारिश हो सकती है। 28 मई के बाद निचले स्तर की तेज हवाओं से कुछ राहत मिलने की संभावना जरूर है।
अगले चार-पांच दिनों में और बढ़ेगी गर्मी

भारत के मौसम विभाग ने एक बयान में कहा है कि अगले चार से पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। दरअसल, मध्यप्रदेश में राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान में उछाल आया है। भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार- रीवा, सीधी, खंडवा, खरगौन, गुना और दमोह में भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री पार कर गया।
हरियाणा-पंजाब में गर्मी से जनजीवन प्रभावित

राजस्थान से लगते हरियाणा और पंजाब के इलाकों में गर्मी बढ़ गई है। इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी से हरियाणा के हिसार में तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं नारनौल और सिरसा में पारा 45 डिग्री के करीब रहा। बठिंडा अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया।
जम्मू में और बढ़ेगा तापमान

जम्मू में भी तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। यहां पर सोमवार से तापमान और बढ़ने की संभावना है। जम्मू शहर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर इस मौसम में सबसे उच्चतम 27.1 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से दो डिग्री ज्यादा बताया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश में सोमवार से तापमान में और वृद्धि हो सकती है। पश्चिमोत्तर में पिछले अड़तालीस घंटों में गर्मी के तेज हुई है, जिससे कुछ इलाके लू की चपेट में आ गए हैं। अगले कुछ दिनों तक लू जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी

उत्तर प्रदेश में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही। शनिवार को दूसरे दिन भी तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। यहां पारा 46.1 डिग्री तक पहुंच गया। राज्य में आगरा और झांसी सबसे गर्म शहर रहे। शाम को कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी भी हुई। आने वाले दिनों में गर्मी के और बढ़ने के आसार हैं। शुक्रवार को पहली बार पारा 45 डिग्री को पार कर गया।

Home / Miscellenous India / Weather Forecast: दिल्ली समेत उत्तर भारत में तेज गर्मी-लू के थपेड़ों से नहीं मिलेगी राहत, सोमवार से और चढ़ सकता है पारा!

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो