scriptजानिए आखिर क्या है विवादित ‘भोजशाला’ का धार्मिक इतिहास? | why there is too much controversy on bhojshala | Patrika News

जानिए आखिर क्या है विवादित ‘भोजशाला’ का धार्मिक इतिहास?

Published: Feb 11, 2016 01:48:00 pm

भोजशाला को लेकर हिंदू-मुस्लिम समाज में पहले भी विवाद रहा है, हिंदू उसे सरस्वती मंदिर तो मुस्लिम इसे मस्जिद बताते रहे हैं

Dhar Bhojshala

Dhar Bhojshala

भोपाल। मध्य प्रदेश के धार जिले की भोजशाला को लेकर अयोध्या राम मंदिर और बाबरी मस्जिद जैसे हालात बनते नजर आ रहे हैं। वसंत पंचमी को शुक्रवार होने के कारण पूजा और नमाज को लेकर तनाव बढ़ गया है। इस मामले में किसी तरह के विवाद की आशंका को लेकर भोजशाला को छावनी में बदल दिया गया है।

गौरतलब है कि भोजशाला को लेकर हिंदू और मुस्लिम समाज में पहले भी विवाद रहा है। हिंदू जहां उसे सरस्वती का मंदिर होने का दावा करते हैं तो मुस्लिम समाज इसे मस्जिद बताता रहा है। इस विवाद के बाद मंगलवार और वसंत पंचमी को पूजा और शुक्रवार को नमाज की व्यवस्था की गई। वर्तमान में भोजशाला भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीन है।

क्या है भोजशाला का इतिहास?
धार एक ऐतिहासिक नगरी है यहां परमार वंश के राजा भोज ने 1010 से 1055 ईवी तक शासन किया। उन्होंने 1034 में धार नगर में सरस्वती सदन की स्थापना की। तब यह एक महाविद्यालय था जो बाद में भोजशाला के नाम से विख्यात हुआ। बाद में यहां मां सरस्वती (वाग्देवी) की प्रतिमा स्थापित की गई। इस प्रतिमा को 1880 में एक अंग्रेज व्यक्ति अपने साथ लंदन ले गया। वर्तमान में यह प्रतिमा लंदन में ही है। भोजशाला को 1909 में संरक्षित स्मारक घोषित कर दिया। बाद में भोजशाला को पुरातत्व विभाग के अधीन कर दिया गया।

ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर पता चलता है कि कुछ लोगों द्वारा भोजशाला को मस्जिद बताए जाने पर धार स्टेट ने ही 1935 में परिसर में शुक्रवार को जुमे की नमाज पढऩे की अनुमति दे दी। तभी से यह व्यवस्था चली आ रही, कई बार विवाद बढऩे पर कई वर्षों के लिए नमाज और पूजा का दौर भी थमा रहा। वर्ष 2003 से पूजा और नमाज का सिलसिला लगातार चला आ रहा है।

इससे पहले कब-कब हुआ विवाद-
वर्षों से चले आ रहे विवाद के बीच 2003, 2006 और 2013 को वसंत पंचमी शुक्रवार को होने के कारण विवाद हुआ। तनाव बढ़ा, 2003 में तो हिंसा भी हुई थी। अब एक बार फिर 12 फरवरी शुक्रवार को वसंत पंचमी है। पुरातत्व विभाग ने वसंत पंचमी को सूर्योदय से दोपहर 12 बजे तक पूजा और दोपहर एक से तीन बजे तक नमाज की व्यवस्था की है।
इस फैसले को उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने भी सही ठहराया है।

इलाके में कड़ी सुरक्षा, छावनी में बदली भोजशाला-
पुलिस सूत्रों ने कहा कि वसंत पंचमी की तिथि के लगभग एक पखवाड़े पहले से ही धार में तनाव बढऩे लगा। इसके चलते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में रैपिड एक्शन फोर्स, केंद्रीय सुरक्षा बल के अलावा स्थानीय पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। वहीं 12 पुलिस अधीक्षक, 25 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 85 पुलिस उपाधीक्षक, 135 थाना प्रभारी, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के 2200 जवान, 250 बाउंसर और महिला पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

दिग्विजय सिंह ने उठाए हिंदू पूजा पर सवाल-
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने हिंदूवादी संगठनों की वसंत पंचमी को दिन भर पूजा करने की मांग पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब भोजशाला में किसी की मूर्ति ही नहीं है तो विश्व हिंदू परिषद के लोग किसकी पूजा करने जाते हैं।

अपनी-अपनी बात पर अड़े दोनों पक्ष-
हिंदूवादी संगठन से नाता रखने वाले गोपाल शर्मा का कहना है कि वसंत पंचमी को पूरे दिन हवन, पूजन किया जाएगा। वे अपने फैसले में किसी तरह का बदलाव नहीं करेंगे। वहीं दूसरा पक्ष भी अपनी बात पर अड़ा हुआ है।

क्या कह रही राज्य सरकार?
राज्य सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा बुधवार को धार पहुंचे और उन्होंने हालात का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी श्रीमन शुक्ला और पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर से बंद कमरे में चर्चा की। उन्होंने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि पूजा और नमाज का कोई हल निकल आए। यह सब शांति और सद्भाव से हो जाए, इसके प्रयास जारी हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के निर्देशों का पालन किया जाएगा।

हिंदूवादी संगठनों से मिले सरकार के प्रवक्ता-
सरकार के प्रवक्ता मिश्रा और भाजपा के संगठन मंत्री अरविंद मेनन ने बुधवार को हिंदूवादी संगठन और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की। वहीं भाजपा के सांसद रघुनंदन शर्मा ने कहा कि मुस्लिमों को बड़प्पन दिखाते हुए वसंत पंचमी को हिंदुओं को पूजन करने देना चाहिए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो