script बलूचिस्तानी नेता बोले, पाक से आजादी के लिए जनमत संग्रह हो | Balochistani leader wants freedon by | Patrika News

 बलूचिस्तानी नेता बोले, पाक से आजादी के लिए जनमत संग्रह हो

Published: Aug 27, 2016 12:15:00 pm

बलूचिस्तान रिपब्लिकन पार्टी के प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तानी सेना यहां मानवाधिकारों के उल्लंघन की सूनामी ले आई है।

balochistan

balochistan

जूरिच. बलूचिस्तान की आवाम और राजनीतिक दलों ने पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बलूचिस्तान रिपब्लिकन पार्टी के प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तानी सेना यहां मानवाधिकारों के उल्लंघन की सूनामी ले आई है। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ की निगरानी में जनमत संग्रह होना चाहिए। पाकिस्तान से आजादी चाहिए।


राजनीतिक तरीके हों या मिलिट्री के तरीके, हर तरह से अाजादी की मांग

पार्टी के अध्यक्ष बरहुमदग बुग्ती ने कहा कि यहां के लोग पाकिस्तान के साथ नहीं रहना चाहते हैं। ऐसा कहते हुए उन्होंने भारत समेत अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की गुहार भी लगाई। उन्होंने बलूचिस्तान का मुद्दा उठाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया। बहरहाल, उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना लगातार यहां के निवासियों को मार रही है। मानवाधिकारों का सबसे ज्यादा उल्लंघन हो रहा है। बता दें कि बुग्ती कई सालों से स्विट्जरलैंड में रह रहे हैं। इस नेता ने यूएन, नाटो, इजराइल, भारत और अन्य मुल्कों से मदद मांगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक तरीके हों या मिलिट्री के तरीके हों, हर तरीके से बलूचिस्तान को पाकिस्तान से आजादी दिलानी चाहिए।


पाकिस्तान से बातचीत के लिए तैयार

उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान की सभी राजनीतिक पार्टियां पाकिस्तान से इस मुद्दे को सुलझाने के लिए तैयार हैं लेकिन वे आजादी मांगने के अपने फैसले पर पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान का क्षेत्र फ्रांस के बराबर है। पाकिस्तान ने पिछले सात दशक से इस पर कब्जा किया हुआ है। उन्होंने पीएम मोदी पर कहा कि पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने इस मसले को उठाया। भारत को बलूचिस्तान की आजादी के लिए इस मुद्दे को बहुत पहले ही उठाना चाहिए था।


हर घर से लापता हैं लोग

बलूचिस्तान आजाद फ्रंट नामक एक एनजीओ ने हाल में एक शोध किया। इसमें बताया गया कि हर घर से कम से कम एक व्यक्ति लापता है। लोगों का कहना है कि सेना यहां पूछताछ के लिए आती है और किसी न किसी को पूछताछ के बहाने ले जाती है। अक्सर लोग वापस नहीं आते। इसके अलावा पांच बड़े राजनीतिक दलों ने एक हस्ताक्षर अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि हमारे घर के ऊपर पंछी नहीं उड़ते बल्कि पाक वायुसेना के जहाज हवाई हमलों के लिए उड़ते हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो