विश्‍व की अन्‍य खबरें

अमरीकी राष्ट्रपति की सुरक्षा में हुई चूक, रिसार्ट में घुसे Ak-47 से लैस तीन युवा

Highlights

पुलिस के अनुसार रिसॉर्ट (Resort) से करीब तीन किलोमीटर दूरी पर एक संदिग्ध कार को देखा गया था।
पूछताछ में पता चला कि इन लोगों ने राइफल खरीदी नहीं बल्कि चोरी की थी।

Aug 07, 2020 / 05:21 pm

Mohit Saxena

रिसार्ट में शुक्रवार को तीन युवा एके-47 राइफल के साथ घुस गए।

वाशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की सुरक्षा में एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। ट्रंप के फ्लोरिडा (Florida) स्थित एक रिसार्ट में शुक्रवार को तीन युवा एके-47 राइफल के साथ घुस गए। हालांकि पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पाम बीच पुलिस के अनुसार ट्रंप इस दौरान यहां पर नहीं थे। रिसॉर्ट काफी दिनों से बंद पड़ा था। ट्रंप का यह आलीशान रिसॉर्ट (Resort) का नाम मार-ए-लेगो है।
दीवार को फांदकर गार्डन तक पहुंच गए थे

पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह मार-ए-लेगो से करीब तीन किलोमीटर दूरी पर एक संदिग्ध कार को देखा गया था। पुलिस जैसे ही इसके करीब पूछताछ के लिए पहुंची तो कार ड्राइवर ने बड़ी फुर्ती से रफ्तार बढ़ा दी। कार मार-ए-लेगो के करीब पहुंच गई। यहां पहुंचते ही कार अचानक रुक गई। इसमें से तीन युवक निकले और रिसॉर्ट की तरफ भागने लगे। तीनों रिसॉर्ट की दीवार को फांदकर गार्डन तक पहुंच गए थे। पुलिस तुरंत हरकत में आई। इसके बाद हेलिकॉप्टर और स्निफर डॉग की मदद से इन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में पता चला कि इन लोगों ने राइफल खरीदी नहीं बल्कि चोरी की थी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार तीनों लड़कों ने क्लब से लगभग दो मील (तीन किलोमीटर) की दूरी पर कार पार्क की थी। यहां से सभी अधिकारियों के आने पर वे भाग गए। पुलिस के अनुसार, पीछा करने वाले तीनों लड़के कार छोड़कर क्लब में भाग गए। यहां पर उन्होंने लोडेड अर्ध-स्वचालित एके-47 राइफल और 14 राउंड मैगजीन को गार्डन में छुपा दिया था।
कई बार ऐसी संदिग्ध घटनाएं हो चुकीं

इस तरह की घटना पहली बार नहीं है। इस रिसॉर्ट पर कई बार ऐसी संदिग्ध घटनाएं हो चुकी हैं। 2018 में समारोह के दौरान एक युवक भीड़ के बीच से होता हुआ मार-ए-लेगो तक पहुंच गया था। उसे भी गिरफ्तार किया गया था। चीन की युजियांग झांग मार-ए-लेगो तक पहुंच गई थी।
33 साल की झांग ने सुरक्षा को चकमा दिया था। इतना ही नहीं वो अपने साथ लैपटॉप, दो फोन और कुछ दूसरे इलेक्ट्रॉनिक गियर ले जाने में भी कामयाब रही थी। उसने खुद को ट्रंप का फैन बताया था। गिरफ्तार हुई लेकिन जांच के बाद रिहा कर दी गई। हाल ही में 31 जनवरी 2020 को कनेक्टिकट की ओपेरा सिंगर हन्ना रोएमहिल्ड पुलिस से बचने लिए भागीं। उनकी एसयूवी ने मार-ए-लेगो के बाहर लगे चेकपोस्ट को टक्कर मार दी थी। पुलिस ने गोली चलाई थी और बाद में उसकी गिरफ्तारी हुई।

Home / world / Miscellenous World / अमरीकी राष्ट्रपति की सुरक्षा में हुई चूक, रिसार्ट में घुसे Ak-47 से लैस तीन युवा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.