scriptकोलंबिया में सरकारी आदेश पर पहली इच्छामृत्यु, जानें पूरी कहानी | First euthanasia in Colombia after government order | Patrika News
विश्‍व की अन्‍य खबरें

कोलंबिया में सरकारी आदेश पर पहली इच्छामृत्यु, जानें पूरी कहानी

कोलंबिया लैटिन अमरीका का इकलौता और दुनिया के कुछ चुनिंदा देशों में शुमार है जहां इच्छामृत्यु की अनुमति है

Jul 04, 2015 / 03:03 pm

शक्ति सिंह

euthanasia

euthanasia

बोगोटा। लंबे समय की बहस और कानूनी प्रक्रियाओं के बाद कोलंबिया ने आखिरकार इच्छामृत्यु को मंजूरी दे दी। शुक्रवार को 79 वर्षीय ओविडियो गोंजालेज सरकारी आदेश के तहत इच्छामृत्यु पाने वाले इस देश के पहले व्यक्ति बन गए। गोंजालेंज की मौत परेरा के पश्चिमी शहर में एक अस्पताल में हुई, उन्हें पांच साल से मुंह का कैंसर था। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बीमारी के आखिरी चरण में पहुंचे लोगों को मृत्यु देने के फैसले के बाद यह इस तरह की पहली मौत है।

इच्छामृत्यु को हां कहने वाला एकमात्र लैटिन अमरीकी देश
कोलंबिया लैटिन अमरीका का इकलौता और दुनिया के कुछ चुनिंदा देशों में शुमार है जहां इच्छामृत्यु की अनुमति है। 17 साल पहले एक संवैधानिक अदालत ने इस मामले में फैसला दिया था। यह फैसला संविधान के एक अनुच्छेद, जिसमें प्रत्येक निवासी को जीने का अधिकार और सम्मान से मौत की गांरटी दी गई, पर आधारित है। लेकिन कांग्रेस ने इस संबंध में कोई कानून पारित नहीं किया था जिसके चलते यह मामला कानूनी पचड़ों में घिरा हुआ था। इस पर इस साल अप्रेल में स्वास्थ्य मंत्रालय ने दखल दी और अस्पतालों और बीमा कंपनियों के लिए निर्देश जारी किए।

colombia euthanasia

चर्च ने दी अस्पताल बंद करने की धमकी
इस आदेश के बाद सभी अस्पतालों को मरीज की इच्छामृत्यु की विनती पर मेडिकल कमिटी बनाने का आदेश दिया गया था। आदेश को लेकर धार्मिक संगठनों और कई डॉक्टर्स ने विरोध जताया था। स्थानीय रोमन कैथोलिक चर्चो ने विरोधस्वरूप उसकी ओर से चलाए जा रहे अस्पतालों को बंद करने की धमकी दी। लेकिन ऎसा नहीं है कि नया कानून आने के बाद इच्छामृत्यु देने के मामले बढ़ गए हैं। अप्रेल से लेकर अब तक दो अस्पताल इच्छामृत्यु की पांच याचिकाएं खारिज कर चुके हैं। एक डॉक्टर ग्रैबिएला सारमिंटो ने बताया कि मरीजों को दर्द के साथ जीने और तुरंत मरने का विकल्प देने पर ज्यादातर ने जीना ही चुना।

राइट टू डाई आंदोलन के कार्यकर्ताओं में खुशी
वहीं इस आदेश के बाद राइट टू डाई आंदोलन के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। उनका कहना है कि इस फैसले से अब तक देश में चल रही गुप्त प्रेक्टिस को आधिकारिक दर्जा मिला है। उनके कहना है कि कानून लागू होने से डॉक्टर्स का डर दूर हो गया है।

दुनिया के केवल चार देशों में अनुमति
कोलंबिया दुनिया का केवल चौथा देश है जहां गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दया मृत्यु देना आधिकारिक है या फिर कानूनी अपराध नहीं है। इस लैटिन अमरीकी देश के अलावा यूरोपीय देश स्विट्जरलैंड, नीदरलैंड्स और बेल्जियम में भी इच्छामृत्यु को अनुमति है। अमरीका के चार राज्यों ओरेगोन, वाशिंगटन, मोंटाना और वेरमोंट में भी ऎसा कानून है।


colombia euthanasia

नौ मिनट की होती है प्रक्रिया
डॉ. गुस्तावो क्विंटाना को कोलंबिया में डॉ. डेथ के नाम से जाना जाता है। वे अब तक 234 लोगों को इच्छामृत्यु दे चुके हैं। क्विंटाना और कुछ मुट्ठीभर डॉक्टर लंबे समय से यह प्रेक्टिस कर रहे हैं लेकिन अब वे आधिकारिक रूप से ऎसा कर सकेंगे, वे अब तक छुपकर ऎसा कर रहे थे। वे बताते हैं कि मैं ऎसा काम मरीजों के घर पर उनके परिजनों की मौजूदगी में ही करता हूं। इस प्रक्रिया में नौ मिनट का समय लगता है और मैं उनके कान में कहता हूं कि, आराम करिए आप अंतिम बार सोने जा रहे हैं। 

Home / world / Miscellenous World / कोलंबिया में सरकारी आदेश पर पहली इच्छामृत्यु, जानें पूरी कहानी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो