विश्‍व की अन्‍य खबरें

Coronavirus: अमरीका ने बड़ी मदद का किया ऐलान, भारत समेत 64 देशों को 17.4 करोड़ डॉलर की आर्थिक सहायता

Highlights

इस राशि में 29 लाख डॉलर मदद के तौर पर भारत को दिए जांएगे।
अमरीका की ओर से 10 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त मदद दी गई है

Mar 29, 2020 / 12:24 am

Mohit Saxena

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ पीएम मोदी। (फाइल फोटो)

वाशिंगटन। अमरीका ने कोरोना वायरस जैसी वैश्विक महामारी से निपटने को लेकर भारत समेत 64 देशों को 17.4 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। शुक्रवार को बताया गया कि इस राशि में से 29 लाख डॉलर मदद के तौर पर भारत को दिए जांएगे।
यह फरवरी में अमरीका की ओर से घोषित 10 करोड़ डॉलर की मदद के अतिरिक्त है। फिलहाल घोषित की गई नई राशि रोग नियंत्रण एवं बचाव केंद्र (सीडीसी) समेत विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के अमरीकी वैश्विक प्रतिक्रिया पैकेज का हिस्सा है।
यह वित्तीय मदद वैश्विक महामारी के खतरे का सामना कर रहे सबसे अधिक जोखिम वाले 64 देशों के लिए है। अमरीकी विदेश मंत्रालय के अनुसार इस मदद का उद्देश्य कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए एक तंत्र स्थापित करना है। इस राशि की मदद से स्वास्थ्य कर्मियों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जा सकेगा।
अमरीकी अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी (यूएसएआईडी) के उप प्रशासक बोनी ग्लिक के मुताबिक यह नई सहायता अमरीका के वैश्विक स्वास्थ्य नेतृत्व को और मजबूत बनाएगा। आर्थिक मदद की घोषणा के अलावा अमरीका अपने दोस्तों एवं सहयोगियों की वेंटिलेटरों की जरूरत की पूर्ति कर सकेगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि कोरोना वायरस से बड़ी संख्या में लोगों के संक्रमण होने के बाद अमरीका ने वेंटिलेटर और अन्य चिकित्सीय उपकरणों का उत्पादन बढ़ा दिया है। उनका प्रशासन अन्य देशों को भी इन्हें वितरित करेगा।

Home / world / Miscellenous World / Coronavirus: अमरीका ने बड़ी मदद का किया ऐलान, भारत समेत 64 देशों को 17.4 करोड़ डॉलर की आर्थिक सहायता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.