scriptकिसानों ने फिर किया कृषि मंडी में हंगामा | Farmers again created an uproar in the agricultural market | Patrika News

किसानों ने फिर किया कृषि मंडी में हंगामा

locationमोरेनाPublished: Mar 18, 2021 07:28:14 pm

Submitted by:

Ashok Sharma

– एसडीएम, सीएसपी पुलिस फोर्स के साथ मंडी पहुंचे तब कहीं दोपहर में तौल शुरू हो सकी

किसानों ने फिर किया कृषि मंडी में हंगामा

किसानों ने फिर किया कृषि मंडी में हंगामा


मुरैना. कृषि उपज मंडी में कम रेट पर सरसों की खरीद होने पर किसानों ने हंगामा कर मंडी कार्यालय का घेराव कर दिया। किसानों का कहना हैं कि मंडी प्रशासन की मिली भगत से व्यापारी मनमानी कर रहे हैं। किसानों के हंगामे की खबर मिलते ही एसडीएम, सीएसपी, टी आई कोतवाली पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और काफी देर तक किसान व व्यापारियों को समझाया उसके बाद सरसों की खरीद शुरू हो सकी। लेकिन अधिकारियों के सामने भी बोली लगाने में मनमानी की गई।
कृषि मंडी में सरसों ५३०० से ५४०० रुपए प्रति क्विंटल बिक रही है लेकिन पिछले कुछ दिन से व्यापारी ज्यादातर ४२०० से ४६०० रुपए प्रति क्विंटल की बोली लगा रहे हैं, इसको लेकर आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है। गुरुवार को विवाद ज्यादा बढ़ गया। किसानों ने मंडी कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी कर दी। एसडीएम, सीएसपी राजेन्द्र रघुवंशी, टी आई आरती चराटे पुलिस फोर्स के साथ मंडी पहुंचे और किसान, व्यापारी, कर्मचारियों से बातचीत की और मामले को सुलझाया। पुलिस की उपस्थिति में अधिकारियों ने अपने सामने बोली लगवाई लेकिन व्यापारियों ने पूरी तरह मनमानी की गई।
किसी की कम तो किसी की अधिक लगाई बोली
कृषि मंडी में सरसों की खरीद का कोई मापदंड नहीं हैं। व्यापारी बोली लगा रहे थे, कम रेट को लेकर विवाद हो गया और खरीद बीच में बंद कर दी गई लेकिन अधिकारियों के पहुंचने पर दोबारा बोली लगाई गई तो किसी की रेट कम कर दी तो किसी अधिक। इस बात को लेकर भी किसानों में आक्रोश था। व्यापारियों की बोली लगाने का क्या मापदंड है, इसको लेकर तरह तरह की चर्चाएं हैं।
कथन
– पहले हमारी सरसों का भाव ४९०० रुपए प्रति क्विंटल की बोली लगाई गई थी लेकिन विवाद होने पर बोली स्थिगित कर दी गई लेकिन दोबारा अधिकारियों के समक्ष लगाई गई तो वही सरसों ४८०० रुपए प्रति क्विंटल का भाव लगाया गया।
दिलीप गुर्जर, तालपुरा
– पहले हमारी सरसों का भाव ४००० रुपए लगाया था विवाद के बाद दोबारा बोली लगाई तो ४५०० रुपए प्रति क्विंटल लगाया गया।
सिंहराम सिंह, जनवेद का पुरा
– मंडी में व्यापारियों की मनमानी चल रही है। पहले जिस सरसों का भाव ५२०० लगाया उसका दोबारा में ५११५ रुपए प्रति क्विंटल लगाया गया। इससे लगता है व्यापारी सिंडीगेट के रूप में काम कर रहे हैं।
केशव सिंह, लालौर
– व्यापारी धमकी देते हैं कि अपने माल को ले जाओ, हमारी मर्जी होगी तो लेंगे। दो दिन पूर्व ५२०० रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर सरसों का भाव चल रहा था अब ५०० रुपए कम करके बोली लगाई जा रही है।
नीलेश यादव, मीरपुर
– सरसों की खरीद हो रही है, माल ज्यादा आ गया उधर रेट को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। व्यापारी बोली लगाए अगर रेट कम है तो किसान अपनी सरसों नहीं बेचे और दोबारा लगा सकता है।
शिव प्रताप सिंह, सचिव, कृषि मंडी, मुरैना
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो