ट्रांसपोर्ट नगर की अधिग्रहीत जमीन पर हो रही खेती
मोरेनाPublished: Jan 08, 2023 11:29:25 pm
- नगर निगम के अफसर बोले, जांच कर कराएंगे एफआइआर


ट्रांसपोर्ट नगर की अधिग्रहीत जमीन पर हो रही खेती
मुरैना. शहर की बहुप्रतीक्षित योजना ट्रांसपोर्ट नगर का विकास का करना तो दूर नगर निगम के अधिकारियों को यह तक नहीं पता कि ट्रांसपोर्ट नगर की वर्तमान में स्थिति क्या है। यहां कुछ लोगों ने यातायात नगर की अधिग्रहित जमीन पर फसल की जा रही है और अधिकारियों को जानकारी तक नहीं हैं। हालांकि अब पता चला है तो अधिकारी जांच कर एफआइआर की बात कह रहे हैं। लेकिन फसल कौन और कब से कर रहा है, इसकी जानकारी नगर निगम अभी तक नहीं जुटा सका है।
यहां बता दें कि यातायात नगर का निर्माण नगर निगम का बड़ा प्रोजेक्ट है जो पिछले कई साल से लंबित पड़ा है। कभी भूखंड के आवंटन तो कभी दुकानों के आवंटन को लेकर विवादों में रहा यातायात नगर इन दिनों हरा भरा बना हुआ है। यहां कुछ लोगों द्वारा सरसों की फसल उगाई जा रही है। इस जमीन पर पहली बार फसल नहीं उगाई जा रही है, इससे पूर्व भी अन्य फसल हो चुकी हैं लेकिन नगर निगम ने ध्यान नहीं दिया।
तीन दशक पूर्व रखी थी आधार शिला
यातायात नगर के निर्माण की आधार शिला करीब तीन दशक पूर्व रखी थी। लेकिन तब से लेकर आज तक विवादों से घिरा हुआ है, उसका विकास नहीं हो पाया। पहले नगर पालिका और अब नगर निगम कोई ठोस प्लानिंग नहीं कर सका। कई बार निकाय की बैठकों में हंगामा होता रहा लेकिन विकास फिर भी नहीं हो सका।
१०० बीघा में बनना हैं यातायात नगर
यातायात नगर के लिए करीब १०० बीघा जमीन अधिग्रहीत की गई थी। उसमें कुछ प्लाट और कुछ दुकान के ले आउट तैयार किए हैं। एक बार तो जनप्रतिनिधियों ने ही बंदरबांट कर लिया होता लेकिन मामले का एक जनप्रतिनिधि ने खुलासा कर दिया जिसने बंदरबांट में भागीदारी नहीं की थी। इसलिए मामला लटक गया।
टोल प्रबंधन ने किया जमीन पर कब्जा
छोंदा टोल प्रबंधन ने भी यातायात नगर की हाइवे किनारे वाली जमीन पर कब्जा कर लिया है। पूर्व में नगर निगम ने एक प्रस्ताव पास किया था जिसमें टोल प्रबंधन ने जमीन के पैसे लेना और नहीं देने पर कार्रवाई करने का था लेकिन बाद में न टोल प्रबंधन ने न तो पैसे दिए और न निगम कार्रवाई कर सका।
अब फिर से टोल प्रबंधन से पैसा वसूलने हुई चर्चा
नगर निगम की हाल ही में हुई बैठक में फिर से यातायात नगर की टोल प्रबंधन द्वारा कब्जाई जमीन के पैसे वसूलने की कवायद शुरू की गई है। परिषद की बैठक में सर्व सम्मति से तय किया गया है कि कलेक्टर से मुलाकात करके टोल प्रबंधन से पैसा वसूलने की कार्रवाई कहा जाए।
कथन
- यातायात नगर की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा फसल उगाई जा रही है, उनको चिन्हिंत कर उनके खिलाफ एफआइआर कराई जाएगी।
ललित शर्मा, सहायक यंत्री व भवन अधिकारी, नगर निगम