जौरा खुर्द में एक ही परिवार के दो गुटों के बीच फायरिंग, चार घायल
- गंभीर रूप से घायल तीन ग्वालियर रैफर
- ठेकेदारी के पैसों के हिसाब को लेकर हुआ विवाद

मुरैना. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जौरा खुर्द में एक ही परिवार के दो गुटों के बीच शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। दोनों तरफ से चार चार राउंड फायर हुए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को ग्वालियर रैफर कर दिया और एक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही सीएसपी राजेन्द्र रघुवंशी, सिविल लाइन थाना प्रभारी विनय यादव पुलिस फोर्स के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार किशन सिंह डंडौतिया और जाहर सिंह डंडोतिया दोनों सगे भाई हैं। किशन सिंह का लडक़ा बंटी उर्फ रामौतार डंडौतिया (३८) नगर निगम में ठेकेदारी करता है। इसलिए उसके चाचा के लडक़े बल्लो उर्फ अरुण (३५) व मनोज (३७) ने भी बंटी डंडौतिया के ठेके के काम में हिस्सेदार थे। पुलिस के अनुसार उस ठेकेदारी के हिसाब किताब को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक दूसरे पर जान से मारने की नियत से चार चार राउंड फायर किए गए। गोली लगने से बंटी डंडौतिया, बल्लो, मनोज घायल हुए हैं। इनको जिला अस्पताल से ग्वालियर रैफर कर दिया है। वहीं बंटी के गुट का शैलेन्द्र पुत्र अशोक डंडोतिया के सिर में बंदूक का बट लगने से गहरा घाव हो गया है। उसके सिर में टांके आए हैं। थाना प्रभारी सिविल लाइन यादव ने बताया कि ठेकेदारी के हिसाब को लेकर दोनों गुटों के बीच गोलीबारी हुई है। जिसमें चार लोग घायल हुए हैं। जांच उपरांत मामला दर्ज किया जाएगा।
अब पाइए अपने शहर ( Morena News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज