script10 रुपए पर विवाद में महिला को गोली मारी, मौत, तीन घायल | Woman shot dead three injured in controversy over Rs 10 | Patrika News

10 रुपए पर विवाद में महिला को गोली मारी, मौत, तीन घायल

locationमोरेनाPublished: Feb 11, 2018 06:01:48 pm

शुक्रवार शाम को किराए को लेकर हुआ था विवादशनिवार सुबह बस में भरकर आए आरोपी और कर दी ताबड़तोड़ फायरिंग

Morena News, Morena Hindi News, Mp Hindi News, Crime, Murder, woman Murder, Police, Crime in CIty, Crime In morena

जिला अस्पताल से रैफर घायल कुम्हेर सिंह को ग्वालियर ले जाते परिजन।

मुरैना/कैलारस. बस के किराए में 10 रुपए कम देने के विवाद पर अहरौली गांव में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो अन्य लोग गोली लगने से और एक लाठियों के हमले में घायल हुए हैं। मृतक और घायल एक ही परिवार के हैं। घटना शनिवार सुबह करीब छह बजे की है। मुरैना से एक घायल को गंभीर अवस्था में ग्वालियर रैफर किया गया है। विवाद शुक्रवार की शाम बस से यात्रा में किराया 10 रुपए कम देने को लेकर हुआ था।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार की शाम अरौली निवासी बृजराज सिंह सिकरवार बस से जौरा जा रहा था। खिड़ौरा गांव निवासी कंडक्टर नीतू परमार ने बृजराज से 50 रुपए किराया मांगा, लेकिन बृजराज ने 10 रुपए कम दिए। इस पर दोनों में विवाद हुआ। हालांकि यात्रियों की मध्यस्थता से दोनों में शाम को ही सुलह भी हो गई, लेकिन बस कंडक्टर और उसके एक दर्जन समर्थक शनिवार को सुबह मिनी बस में भरकर पहुंचे और शौच के लिए जाते हुए लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कुछ लोगों ने लाठियों से हमला किया। फायरिंग में गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक युवती सहित दो लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति लाठियों के हमले में घायल हुआ है। पुलिस की ओर से सूचना मिलते ही १०८ एंबुलेंस वाहन के पायलट सूरज धाकड़ व ईएमटी जंडेल धाकड़ अहरोली गांव पहुंचे। घायलों को लेकर कैलारस अस्पताल पहुंचे, वहां से जिला अस्पताल रैफर कर दिया। गंभीर हालत में एक को ग्वालियर रैफर कर दिया। गोली लगने से बृजराज के भाई विनोद सिकरवार की पत्नी संजू (35) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भाई कुम्हेर सिंह सिकरवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी और गोलियां चलाना चाह रहे थे, तभी महिला का बेटा मोनू उसके ऊपर लेट गया। आरोपी मोनू को गोली मारने को हुए तो उसकी चचेरी बहन अंजना उर्फ लाली (18) पुत्री दिलीप सिकरवार आगे आ गई, जिससे गोली उसके पैर में लगी। अंजना के पिता दिलीप सिकरवार, फरियादी पक्ष के बृजराज, कुम्हेर, विनोद पुत्र रेशम सिंह के चचेरे भाई हैं।
गांव में जाकर हमले में यह लोग शामिल
कैलारस एसडीओपी सुधीर सिंह कुशवाह ने बताया कि शाम को विवाद के बाद दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था, लेकिन शनिवार की सुबह कुम्हेर सिंह शौच के लिए जा रहे थे, तभी मिनी बस में भरकर आए आरोपियों ने हमला कर दिया। हमले में धोनी परमार, टुंडा, रामबरन परमार, नीतू परमार, संतोष परमार, फोदल परमार, गुडुआ सिकरवार, राकेश गोस्वामी, नरेश गोस्वामी, हीरा परमार, सूबेदार परमार व दो अन्य शामिल हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
घायल लाली का आज रोका और 14 को चचेरी बहन की जानी थी लगुन
अहरोली में गोलीबारी के शिकार हुए परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन महिला की मौत और दो लोगों के गोली लगने से अचानक गममीन हो गया। जिला अस्पताल में भर्ती लाली के भाई गोलू सिकरवार ने बताया कि परिवार में शादी का माहौल था, लेकिन गोलीबारी में महिला की मौत के बाद मातम पसर गया है। गोलू के अनुसार 10 फरवरी को घायल लाली की सगाई पक्की करने और 14 फरवरी को घायल चाचा कुम्हेर सिंह की लड़की का लगुन फलदान जाना था। इसकी तैयारी चल रही थी कि अचानक बीच में यह विवाद आड़े आ गया।
विवाद के पीछे पुरानी रंजिश भी
अहरोली में गांव में हुए विवाद के पीछे पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सात-आठ साल पूर्व इन दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। हत्या के प्रयास का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। वहीं घायल लाली के अनुसार शुक्रवार की शाम आरोपियों ने हमारी चाची से कुछ कह दिया था, इसी बात पर मुंहवाद हो गया था। वहीं गांव में चर्चा है कि आरोपियों की बस के आगे फरियादी पक्ष की भैंस आ गई थी, इसको लेकर विवाद हुआ है, लेकिन पुलिस किराए को लेकर विवाद होना बता रही है।
फरियादी ने कहा, पुरानी रंजिश पर मारी गोली
कैलारस थाने में उपस्थित होकर फरियादी बृजराज सिंह सिकरवार ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गोली मारी है। उसने बताया कि शुक्रवार की शाम मैं रजौधा बस से गांव से जौरा जा रहा था, तभी बस के कंडक्टर नीतू परमार से किराए को लेकर विवाद हो गया। आरोपी नीतू परमार व गुडुआ सिकरवार के परिवार वालों से करीब आठ साल पहले भी विवाद हुआ था उस समय मेरी भतीजी प्रियंका को गोली लगी थी। उन लोगों पर 307 का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उसी रंजिश पर आरोपियों ने शनिवार की सुबह घर पर आकर हमला कर दिया। पुलिस ने बृजराज सिंह की रिपोर्ट पर आरोपी धोनी, रामवरन, टुंडा, नीतू, संतोष, फोदल परमार, धीरा, सूबेदार सभी परमार, गुडुआ सिकरवार, राकेश गोस्वामी, नरेश गोस्वामी व दो अज्ञात के खिलाफ बलवा, हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो