उज्जैन

इस विधानसभा में 2 लाख 8 हजार 782 मतदाता करेंगे मतदान

पोलिंग बूथ पार्टियों के लिए चुनाव आयोग ने की पंखे और कूलर की व्यवस्था

उज्जैनMay 18, 2019 / 01:01 am

Mukesh Malavat

vote,Lok Sabha elections,Ujjain,Voter,polling booth,nagda,

नागदा. जिले में शुक्रवार को शाम पांच बजे लोकसभा चुनाव का शोर थम गया। शनिवार को सुबह सात बजे कलेक्टर कार्यालय से पूरे लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान पार्टियों को बूथों के लिए रवाना कर दी जाएगी। नागदा-खाचरौद विधानसभा में कुल 265 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। क्रिटिकल मतदान केंद्रों की संख्या 57 है। नागदा शहर में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 85 एवं खाचरौद शहर में 30 मतदान केंद्र है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी समेत चार मतदान कार्मिक इवीएम-वीवीपैट के साथ पहुंचेंगे। 19 मई सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी जो शाम 6 बजे तक चलेगी। गर्मी को देखते हुए पोलिंग बूथ पार्टियों के लिए चुनाव आयोग ने पंखे और किराए के कूलर की व्यवस्था की है। इसके अलावा बूथों पर टेबल-कुर्सी एवं टेंट की व्यवस्था भी चुनाव आयोग द्वारा की गई है। नागदा-खाचरौद विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 08 हजार 782 है। पुरुष मतदाता एक लाख 6 हजार 853, महिला मतदाता एक लाख एक हजार 916 है, जबकि अन्य मतदाताओं की संख्या महज 13 बताई गई है। सभी केंद्रों पर 1060 मतदान कर्मी चुनाव संपन्न कराएंगे।
कल होगा मतदान
उज्जैन-आलोट लोकसभा सीट पर रविवार को वोट डाले जाएंगे। इस सीट पर भाजपा एवं कांग्रेस का सीधा मुकाबला होगा। दोनों ही दलों द्वारा इस सीट को जीतने के लिए एढ़ी चोटी का जोर लगाया जा रहा है। नागदा-खाचरौद विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो पिछले एक सप्ताह जहां भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने खाचरौद में आम सभा की वहीं नागदा में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वोट मांगे हैं। अब 48 घंटे पूर्व शुक्रवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थमते ही प्रत्याशी गुपचुप तरीके से प्रचार प्रसार में जुट गए है।
विधानसभा क्षेत्र को 27 सेक्टर में बांटा
नागदा-खाचरौद विधानसभा क्षेत्र को 27 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में न्यूनतम 06 और अधिकतम 13 मतदान केंद्रो को रखा गया है। नागदा तहसील में 12 सेक्टर एवं खाचरौद में 15 सेक्टर बनाए गए है। खास बात यह है कि इस बार प्रत्येक मतदान केंद्र की हर घंटे की जानकारी वहां के पीठासीन अधिकारी को संबंधित सेक्टर अधिकारी को देना होगी। जिसमें मतदान का प्रतिशत से लेकर हर छोटी से छोटी जानकारी शेयर करने के निर्देश दिए गए है। उक्त जानकारी को सेक्टर अधिकारी रिटर्निग अधिकारी को देगा और रिटर्र्निंग पूरे क्षेत्र की जानकारी एकत्रित कर जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराएगा।
36 बूथों पर होगी महिला कर्मचारी
विधानसभा क्षेत्र में 36 बूथ ऐसे बनाए गए है, जहां सिर्फ महिला कर्मचारी ही मौजूद रहेगी। नागदा तहसील में ऐसे मतदान केंद्रो की संख्या 29 एवं खाचरौद क्षेत्र में 07 मतदान केंद्र है। इसके अलावा पिंक और आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए है।
57 संवेदनशील मतदान केंद्र
विधानसभा क्षेत्र में क्रिटिकल मतदान ंकेंद्रों की संख्या 57 है। जिसमें से नागदा एवं ग्रामीण के 25 व खाचरौद क्षेत्र के 32 बूथों को शामिल किया गया है। इन सभी केंद्रो पर तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न करवाया जाएगा।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.