नागदा

निर्माण कार्य रूका, पिछले गेट से उपज बेचने पहुंचेंगे कृषक

३०० मीटर सड़क बन रही मुसीबत

नागदाFeb 18, 2019 / 08:46 pm

Gopal Bajpai

नागदा। शहर पहुंचने वाले किसानों को इन दिनों उपज बेचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कारण मंडी गेट के मुख्य द्वार पर सड़क निर्माण होना है। दरअसल दशहरा मैदान स्थित कृषि उपज मंडी गेट के मुख्य द्वार पर सड़क निर्माण का कार्य प्रगति पर है। मार्ग के खुदे होने के चलते मंडी में भारी वाहन या ट्रैक्टर नहीं पहुंच पा रहे हैं। लिहाजा मंडी प्रबंधन को उपज की खरीदी ब्रिकी बंद करना पड़ी है। किसानों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए बुधवार से मंडी गेट के पिछले द्वार से वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा और दोबारा मंडी में खरीदी बिक्री शुरू हो सकेगी।
क्या है परेशानी की जड़
शहर में इन दिनों नगर पालिका की अगुवाई में शहर के सभी वार्डों में सड़क निर्माण करवाया जा रहा है। कृषि उपज मंडी स्थित दशहरा मैदान पहुंच मार्ग पर भी सड़क निर्माण कार्य जारी है। बताया जा रहा है, कि निर्माण करने वाली कंपनी के कुछ संसाधन खराब हो जाने के कारण कार्य को रोक दिया गया है। संसाधन के ठीक होने में अभी ८ दिन का समय लग सकता है। जिसके कारण मार्ग से निकलने वाले राहगीर व स्थानीय निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी में उपज खरीदी-ब्रिकी हुई प्रभावित
शहर में नगर पालिका कार्यालय स्थित चर्च गेट से लेकर चंद्रशेखर आजाद मार्ग, सुभाष मार्ग, एमजी रोड होते हुए दशहरा मैदान तक सीसी सड़क का निर्माण कार्य किया गया है। उक्त मार्ग का तकरीबन ९० प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। केवल 300 मीटर सड़क मार्ग अधूरा है। उक्त मार्ग कृषि उपज मंडी के मुख्य गेट के समीप ही मौजूद है। मार्ग खराब होने के कारण किसान ट्रैक्टर ट्रालियों से भरी उपज को मंडी के अंदर लेकर नहीं पहुंच पा रहे थे। जिसके कारण मंडी प्रबंधन ने तीन दिनों से उपज की खरीदी ब्रिकी बंद कर रखी है। मंडी प्रबंधन द्वारा अब दोबारा बुधवार से मंडी के पीछे के गेट से केवल ट्रैक्टर ट्रालियों से उपज लेकर पहुंचने वाले किसानों को प्रवेश देगा। मंडी में बीते शुक्रवार से उपज की खरीदी ब्रिकी बंद हैं।
मंडी को हो रहा नुकसान
कृषि उपज मंडी नागदा में औसतन ६०० से ७०० क्विंटल की अवाक होती है। बीते शुक्रवार से मंडी में खरीदी नहीं होने से जहां व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। वहीं प्रबंधन को भी कुछ हद तक आर्थिक नुकसान हो रहा है। मार्ग के निर्माणाधीन होने से दशहरा मैदान पहुंचने के लिए राहगीर मंडी पुलिस थाना परिसर के मुख्य मार्ग का उपयोग कर रहे हैं।
इनका कहना-
कृषि उपज मंडी गेट के मुख्य द्वार पर सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिसके चलते कृषकों को मंडी परिसर पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार से खरीदी मंडी के पीछे के द्वार से ट्रैक्टर ट्रालियों को प्रवेश दिया जाएगा।
बीएल चौधरी
सचिव, कृषि उपज मंडी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.