दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दो जुलाई को सिंगरौली में आप उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे। रोड शो भी करेंगे। पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी विभिन्न शहरों में सभाएं करेंगे। इसी कडी में शुक्रवार को दिल्ली में आप की विधायक एवं शिक्षा में क्रांति के लिए जानी जाने वालीं आतिशी सिंह ने भोपाल में आप उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे।
ये बताईं खूबियां
मीडिया से चर्चा में कहा कि शहर में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो यहां दिल्ली मॉडल लागू किया जाएगा। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के साथ टेक्स के बोझ में कमी किया जाना प्रमुख है। दिल्ली मॉडल की चर्चा करते हुए बताया कि पिछले एक साल में दिल्ली शहर में दो लाख बच्चों ने प्राइवेट स्कूल छोड़कर सरकारी स्कूलों में प्रवेश लिया।
मध्यप्रदेश की बात करें तो यहां हर साल 20-22 हजार स्कूल बंद हो जाते हैं। 65 हजार से अधिक स्कूलों में बिजली की व्यवस्था नहीं है। भीषण गर्मी में स्कूलों में पंखा नहीं होगा तो बच्चे स्कूल क्यों आएंगे, यहां पढ़ाई कैसे करेंगे। मध्यप्रदेश में 42 हजार स्कूल ऐसे हैं जहां पीने की पानी की व्यवस्था नहीं है।
नेताओं की संस्थाएं
प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ज्यादातर नेताओं के स्कूल और अस्पताल होने के कारण सरकार शासकीय संस्थाओं पर ध्यान नहीं दे रही है। दिल्ली में बेहतर सुविधाओं की वजह से अब लोग बच्चों का प्रवेश सरकारी स्कूल में करा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों की स्थिति बेहतर हुई है।
उन्होंने नगरीय निकाय चुनावों के सेवा-वचनपत्र का हवाला देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करना और स्थानीय नागरिक समितियों के सहयोग से नगरीय प्रशासन चलाना पार्टी का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।
सवालों से बचीं
विधायक सिंह ने कहा कि वे रेल मार्ग से भोपाल आईं। भोपाल की सीमा मेें प्रवेश करते ही उन्हें कचरे का ढेर दिखा। राजधानी के लिए यह शर्म की बात है कि यहां प्रवेश पर ही कचरे का ढेर दिखता है। उनसे पूछा गया कि क्या स्वयं कचरे का ढेर देखा या जानकारी दी गई। इस पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह ने बात संभालने की कोशिश की। आतिशी सिंह बोलीं कि ढेर ढंक दिया गया है।