उज्जैन: निकाय चुनाव प्रचार में उतरे सिंधिया....
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार से प्रदेश में निकाय चुनाव के लिए प्रचार का आगाज किया। इसकी शुरुआत उन्होंने उज्जैन में रोड शो करके की। यहां कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा, भाजपा में परिवारवाद नहीं है। कांग्रेस जेब कट्टुओं (जेब कतरों) पर भरोसा करती है, ऐसा भाजपा मेें नहीं है।
भाजपा में चाहे पार्षद हो, महापौर हो, विधायक हो, मुख्यमंत्री हो या प्रधानमंत्री हो, जमीन से जुड़े कार्यकर्ता को मौका दिया जाता है।
इंदौर में सिंधिया ने जबरन कॉलोनी में सभा को संबोधित किया। कहा, उस (कांग्रेस) पार्टी की सरकार में सड़क कहां और गड्ढे कहां हैं, यह पता ही नहीं चलता था।
सीएम शिवराज: नाथ को चुनाव में रुचिनहीं तो क्यों कर रहे दौरे...
रोड शो करने इसी दिन छिंदवाड़ा आए सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि कमलनाथ निगम चुनाव में रुचि न होने की बात कह रहे हैं। फिर वे दौरे क्यों कर रहे हैं। उन्होंने इसका जवाब मांगा।
मीडिया से चर्चा में कहा कि जबलपुर में पूर्व सीएम की टिप्पणी से यह स्पष्ट हो गया है, तो जनता को भी कांग्रेस में कोई रुचि नहीं है। उधर, सतना में सीएम ने कहा, मां-बहनों पर बुरी नजर डालने वालों को बर्बाद कर दूंगा। नेस्तनाबूद कर दूंगा। सतना में विलंब होने के कारण सीएम ने सिंगरौली का दौरा रद्द कर दिया। वे रात 11 बजे खजुराहो रवाना हुए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में इसी शाम को रोड शो किया। इस दौरान भारी बारिश होती रही। शुरू में नाथ ओपन जीप में सवार होकर समर्थन मांगते रहे। बारिश शुरू होने पर वे कार में बैठ गए। राजपाल चौक पर जनता को संबोधित किया।
कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने इसी दिन उज्जैन में प्रदेश सरकार की खिंचाई की। बोले, कई शहरों में पहुंचकर सीएम शिवराज सिंह सभाओं में जनता को धमका रहे हैं। कह रहे हैं, भाजपा का महापौर नहीं बनने पर शहर का विकास रुक जाएगा। मैं पूछता हूं, आप नगर निगम चला रहे हैं या प्रदेश सरकार। आप पर प्रदेश की जनता का भार है। आपको उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना है। संकल्प पत्र जारी करने के दौरान पटवारी ने कहा कि सीएम और भाजपा के पास अब केवल एक ही साल है। बाद में हम बताएंगे कि विकास कैसे रुकता है।