scriptजोधपुर के मंगल प्रभात सहित 18 मंत्रियों ने ली शपथ, कैबिनेट में एक भी महिला नहीं | 18 ministers including Mangal Prabhat of Jodhpur took oath | Patrika News

जोधपुर के मंगल प्रभात सहित 18 मंत्रियों ने ली शपथ, कैबिनेट में एक भी महिला नहीं

locationमुंबईPublished: Aug 10, 2022 01:11:59 am

Submitted by:

Devkumar Singodiya

महाराष्ट्र: 40 दिन बाद शिंदे सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार
मंत्री पद न मिलने से नाराज विधायकों को सीएम का भरोसा-अगली बार लगेगा नंबर

जोधपुर के मंगल प्रभात सहित 18 मंत्रियों ने ली शपथ, कैबिनेट में एक भी महिला नहीं

जोधपुर के मंगल प्रभात सहित 18 मंत्रियों ने ली शपथ, कैबिनेट में एक भी महिला नहीं

मुंबई. शिवसेना से बगावत के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने एकनाथ शिंदे ने शपथ ग्रहण के 40 दिन बाद मंगलवार को कैबिनेट का विस्तार किया। जोधपुर में जन्मे और मुंबई को कर्मभूमि बनाने वाले मंगल प्रभात लोढ़ा सहित 18 मंत्रियों को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजभवन में आयोजित समारोह में भाजपा और शिंदे गुट के नौ-नौ मंत्रियों ने शपथ ली। सीएम शिंदे और उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मिला कर कैबिनेट में 20 सदस्य हो गए हैं। एक भी महिला को मंत्री नहीं बनाने पर शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट ने शिंदे सरकार की खिंचाई की है। मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज कुछ बागी विधायकों को सीएम शिंदे ने भरोसा दिया है कि दूसरे चरण के कैबिनेट विस्तार में उनका नंबर लगेगा। खास यह कि जो 18 विधायक शिंदे की कैबिनेट में आज शामिल किए गए, उनमें 17 पहले भी मंत्री रह चुके हैं। शिवसेना के कुल 55 में से 40 विधायक शिंदे के साथ हैं। छोटे दलों और निर्दलियों को मिला कर 10 विधायक उनके साथ और हैं। शिंदे सरकार चार जुलाई को विधानसभा में विश्वासमत हासिल कर चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर राज्य के सभी मंत्रियों को बधाई दी और जनता की सेवा करने के लिए शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि सीएम शिंदे नीत कैबिनेट में प्रशासनिक अनुभव और सुशासन प्रदान करने के जज्बे का शानदार मिश्रण है।

 

भाजपा ने इन्हें बनाया मंत्री
भाजपा की ओर से राधाकृष्ण विखे पाटिल, सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, विजय कुमार गावित, गिरीश महाजन, सुरेश खडे, रवींद्र चह्वाण, अतुल सावे और मंगल प्रभात लोढ़ा मंत्री बनाए गए हैं।

 

शिंदे गुट से भी 9 मंत्री
शिंदे गुट में 50 विधायक हैं। शिंदे गुट से गुलाबराव पाटिल, दादा भुसे, संजय राठौड़, संदीप भूमरे, उदय सामंत, तानाजी सावंत, अब्दुल सत्तार, दीपक केसरकर और शंभुराज देसाई ने मंत्री के रूप में शपथ ली।

 

सबसे अमीर लोढ़ा, 5 बार लहरा चुके जीत का परचम
राजस्थान के जोधपुर में जन्मे मंगल प्रभात लोढ़ा महाराष्ट्र के सबसे धनी विधायक हैं। चुनाव आयोग के पास जमा हलफनामे के मुताबिक लोढ़ा की मिल्कियत 441 करोड़ रुपए है। वकालत की पढ़ाई करने वाले लोढ़ा देश के बड़े बिल्डरों में शुमार हैं। कारोबार उनके बेटे अभिषेक व अभिनंदन संभालते हैं। मुंबई भाजपा के अध्यक्ष मंगल प्रभात दक्षिण मुंबई की मालाबार हिल्स विधानसभा सीट से लगातार पांच बार जीत का परचम लहरा चुके हैं। इनके पिता स्वतंत्रता सेनानी गुमान मल लोढ़ा गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस थे। पत्नी मंजू लोढ़ा के साथ मंगल प्रभात समाज सेवा से भी जुड़े हैं।

 

चाय बेचने वाले परिवार से चंद्रकांत
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल पश्चिमी महाराष्ट्र से हैं। उनका परिवार चाय बेचता था। पाटिल 2014-19 के बीच फडणवीस सरकार में राजस्व मंत्री थे। शिंदे गुट में शामिल संजय राठौड़ को मंत्री बनाए जाने पर शिवसेना ने सवाल उठाए हैं। राठौड़ महाविकास आघाडी सरकार में वन मंत्री थे। भाजपा ने उन पर एक महिला को खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। विवाद बढऩे पर राठौड़ को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा।

 

सात बार जीत चुके हैं राधाकृष्ण
शिंदे कैबिनेट में शामिल राधाकृष्ण विखे पाटिल अहमदनगर से सात बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। फडणवीस के करीबी गिरीश महाजन उत्तर महाराष्ट्र तो मुनगंटीवार विदर्भ के चंद्रपुर से छह बार विधायक बने हैं।

 

क्या यही है महिला सशक्तिकरण
20 सदस्यीय कैबिनेट में एक भी महिला को शामिल नहीं करने पर शिवसेना की राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने शिंदे सरकार और भाजपा पर कटाक्ष किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि महिलाओं के साथ सौतेला व्यवहार क्यों हो रहा। चुप क्यों हैं मंत्री जी (स्मृति ईरानी) केवल जुबान चलाने से तो महिला सशक्तिकरण नहीं होगा। राठौड़ को मंत्री बनाने पर चतुर्वेदी ने तंज कसा कि भाजपा में शामिल होने के बाद लोग दोष-पाप मुक्त हो जाते हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो