मुंबई

ब्रिटिश काल के मोगली डैम से मुंबई में शुरू हुआ अमृतम जलम्

डैम पर की गई कचरे की सफाइ

मुंबईMay 27, 2019 / 05:39 pm

Devkumar Singodiya

डैम पर की गई कचरे की सफाइ

मुंबई. नवी मुंबई में रविवार को राजस्थान पत्रिका समूह की महत्वाकांक्षी “अमृतं जलम्” मुहिम शुरू की गई। सुबह आठ बजे नवी मुंबई के विधायक संदीप नाइक ने पत्रिका की इस मुहिम में शामिल होकर दीघा डैम (इसे इल्टम पाढ़ा डैम और मोगली डैम भी कहते हैं) की सफाई का कार्य शुरू किया। उन्होंने पत्रिका की मुहिम अमृतं जलम् में शामिल होते हुए नवी मुंबई और महाराष्ट्र के जल स्त्रोतों के संरक्षण और संवर्धन का कार्य करने की बात कही।
राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के विविध स्थानों पर पत्रिका की तरफ से जलस्त्रोतों को बचाने का कार्य किया गया। इस दौरान सेलेब्रिटीज, नेता, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित हजारों की संख्या में लोगों ने नदी, तालाबों, पोखरों, बावडिय़ों जैसे दूसरे जलस्त्रोतों के संरक्षण, उनकी सफाई और उसके पुनर्निर्माण पर कार्य प्रारंभ किया। संदीप नाइक ने दीघा डैम की सफाई का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह ब्रिटिश कालीन डैम है। प्रारंभ में ठाणे से वीटी के लिए चलने वाली स्टीम ट्रेन के लिए पानी की जरूरत को पूरा करता था। स्ट्रीम ट्रेन बंद हो गई पर यह डैम बना रहा। अब स्थानीय लोग विविध तरह से इस पानी का उपयोग करते हैं। मैंने रेल मंत्री से बात करते हुए इस डैम को महानगर पालिका में शामिल करवाया है। महाराष्ट्र और देश में आने वाले दिनों जल संकट विकट रूप लेने वाला है, ऐसे में पत्रिका की यह मुहिम “अमृतं जलम्” सराहनीय है। मुहिम को नवी मुंबई की जनता का पूरा समर्थन मिलेगा। नाइक ने पत्रिका के साथ मिलकर नवी मुंबई सहित राज्य के विविध इलाकों में जन संरक्षण के कार्य को गति देने की बात कही। इसमें पत्रिका के महाराष्ट्र स्टेट एडिटर डॉ. उरुक्रम शर्मा, पत्रिका के स्टेट हेड सुरेंद्र मिश्र, परिवहन समिति सदस्य ब्रिजेश सिंह, पूर्व परिवहन समिति सदस्य सुरेश पाल, राजाराम दुबे, आदि क्षेत्र के नागरिकों ने डैम की सफाई का कार्य किया।

Home / Mumbai / ब्रिटिश काल के मोगली डैम से मुंबई में शुरू हुआ अमृतम जलम्

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.