scriptपाक से तनातनी, मुंबई में हाइ अलर्ट | High alert in Paktani, Mumbai | Patrika News
मुंबई

पाक से तनातनी, मुंबई में हाइ अलर्ट

भारत और पाकिस्तान के सीमा पर युद्ध जैसी स्थिति के बाद राज्य सरकार ने मुंबई जैसे तमाम शहरों को हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।

मुंबईFeb 28, 2019 / 02:24 am

Devkumar Singodiya

mumbai police

mumbai police

मुंबई . भारत और पाकिस्तान के सीमा पर युद्ध जैसी स्थिति के बाद राज्य सरकार ने मुंबई जैसे तमाम शहरों को हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। चौक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस ने बुधवार को विधानभवन में बैठक बुलाई जिसमे पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए विधान मंडल के अंतरिम बजट सत्र को स्थगित करने का विचार व्यक्त किया है। इस विषय पर गंभीरतापूर्वक विचार हुए मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

जिसमें इस सत्र को स्थगित करने का निर्णय होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। सूत्रों की मानें तो फडणवीस ने हाइ अलर्ट को लेकर राज्य के पुलिस महानिदेशक और मुंबई पुलिस आयुक्त की बैठक बुलाई थी। बैठक में मुंबई पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी तनाव की बात आयुक्त ने पेश की। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मुंबई में विधानमंडल के अंतरिम बजट सत्र को स्थगित किए जाने का विचार भी रखा गया। जिस पर मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक में इस विषय पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

पुलिसबल की कमी

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के समक्ष बैठक में पुलिस विभाग ने दलील दी है कि विधानमंडल के सत्र की सुरक्षा के लिए 5 हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं। जबकि लगभग 2 हजार पुलिसकर्मी विभिन्न ठिकानों पर सरकार के खिलाफ आने वाले मोर्चे और अन्य मामलों के लिए तैनात हंै। हाइ अलर्ट होने के नाते कई मामलों में अड़चने आ सकती है ऐसे में यह सत्र बीच में ही स्थगित कर देना चाहिए।

देश में घोषित है अलर्ट

पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने पूरे देश में अलर्ट घोषित कर दिया है। आर्थिक राजधानी मुंबई को ख़ास अलर्ट रहने को कहा गया है।
ऐसे में पुलिस जवानों की कमी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुंबई पुलिस ही नहीं राज्य पुलिस भी तनाव -दबाव में है। सत्र और अलर्ट दोनों के भार झेल रही पुलिस ने तनाव से बचने के लिए इस सत्र को स्थगित करने का प्रस्ताव दिया है।

Home / Mumbai / पाक से तनातनी, मुंबई में हाइ अलर्ट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो