विदित हो कि यह तीनों डॉक्टर अस्पताल के सैकंड ईयर की पीजी छात्रा को उसकी जातिसूचक फब्तियां कसते थे, जिसके चलते 24 वर्षीय महिला डॉक्टर ने मौत को गले लगा लिया। डॉ. पायल डिपार्टमेंट ऑफ गायनेकोलॉजी से पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही थी। जानकारी के अनुसार, डॉ. पायल ने अपने तीनों सीनियर्स डॉक्टर के खिलाफ पहले अस्पताल प्रबंधन से शिकायत भी की थी, प्रबंधन की ओर से उचित कार्रवाई न होने पर वह काफी निराश थी। पायल ने इस मामले में अपने पति सलमान और परिवार के अन्य सदस्यों से भी विचार-विमर्श किया था। बता दें कि पायल के पति मुंबई के विले पार्ले स्थित कूपर हॉस्पिटल में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।