script

रायगढ़-सतारा, रत्नागिरी में भूस्खलन, दो दिन में 129 लोगों की मौत

locationमुंबईPublished: Jul 23, 2021 10:03:21 pm

महाराष्ट्र: बाढ़-बारिश का कहर, जान बचाने की जद्दोजहदविदर्भ में मूसलाधार, राज्य में कई नदियां उफान परएनडीआरएफ के साथ राहत-बचाव कार्य में सेना, नौसेना और एयरफोर्स की टीम जुटी

रायगढ़-सतारा, रत्नागिरी में भूस्खलन, दो दिन में 129 लोगों की मौत

रायगढ़-सतारा, रत्नागिरी में भूस्खलन, दो दिन में 129 लोगों की मौत

मुंबई. कोरोना से जूझ रहे महाराष्ट्र में बाढ़ और बारिश का कहर जारी है। रत्नागिरी, ठाणे, पालघर, कोल्हापुर, सांगली, नागपुर सहित कई जिलों में बाढ़ से हालात खराब हैं। बारिश से जुड़े हादसों में शुक्रवार को 57 लोगों की जान गई। बाढ़ से घिरे रत्नागिरी के चिपलून के कोविड सेंटर में पानी भरने से बिजली कट गई। ऑक्सीजन सप्लाई रुकने से वेंटिलेटर पर मौजूद आठ मरीजों की मौत हो गई। रायगढ़ जिले के म्हाड स्थित तलई गांव की बस्ती पर पहाड़ का मलबा गिर पड़ा। इस हादसे में 38 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 60 से ज्यादा लापता हैं। रायगढ़ की पोलादपुर तहसील के केवनाले, गोवेले सुतरवाडी गांवों में भी भूस्खलन हुआ है। इन हादसों में 11 लोगों की जान गई जबकि 13 लोग उपचार के लिए अस्पताल में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायगढ़ भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपए की राहत राशि और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। सातारा के आंबेघर गांव पर भी पहाड़ी मलबा गिर पड़ा। यहां आठ लोगों की मौत हो गई। करीब 20 लोग मलबे में दबे हैं। मुंबई के गोवंडी में एक बिल्डिंग धराशायी हो गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई। छह लोग घायल हैं, जिन्हें राजावाडी अस्पताल में भर्ती किया गया है। चिपलून के पोसरे-बौद्धवाडी गांव में भी चट्टानी मलबा गिरने से 17 लोगों की मौत हुई है। राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात ने बताया कि बारिश से जुड़े हादसों के चलते राज्य में दो दिन के भीतर 129 लोगों की जान गई है। नागपुर सहित विदर्भ के कई जिलों में आज भारी बारिश हुई। विदर्भ, पश्चिमी महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र की नदियां उफान पर हैं। बाढ़ के पानी में घिरे लोगों की जान बचाने के लिए एनडीआरएफ, नौसेना, सेना और एयरफोर्स की टीमें लगाई गई हैं। सातारा के पाटन स्थित मीरगांव में बाढ़ के पानी में फंसे 221 लोगों को एनडीआरएफ ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आफत की बारिश से जल्द राहत के संकेत नहीं है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे सहित समूचे कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

हाइवे पर पानी, वाहनों की आवाजाही रोकी
कोल्हापुर में भारी बारिश के बीच मुंबई-बेंगलूरू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पानी भर गया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। पुलिस अधीक्षक शैलेश बलकावडे ने बताया कि कागल के आगे बेलगाम जिले के एक गांव के पास हाइवे पर पानी जमा हो गया है। इसलिए हम कर्नाटक की तरफ वाहनों को नहीं जाने दे रहे। कोल्हापुर में पंचगंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। लगातार बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। जिले के 27 गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है।

30 गाडिय़ां कैंसल
मुंबई से कर्नाटक को जोडऩे वाली कोंकण रेलवे रूट पर आज 30 गाडिय़ां कैंसल कर दी गईं। लंबी दूरी की 12 गाडिय़ों के मार्ग में बदलाव किया गया जबकि आठ गाडिय़ों की सेवा बीच में ही समाप्त कर दी गई। सेंट्रल रेलवे ने बताया कि भूस्खलन और बाढ़ के पानी से पटरियों को भारी नुकसान पहुंचा है। रेल सेवा बहाल करने के लिए रेलवे कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो