शिवसेना से बागी हुए एकनाथ शिंदे के साथ 37 पार्टी के विधायक हैं और सात निर्दलीय हैं। यही कारण है कि अगर एकनाथ शिंदे कोई कदम आगे उठाते हैं तो उनके खिलाफ दलबदल कानून लागू नहीं होगा। इन सब के बीच शिंदे के साथ शिवसेना के जो 37 विधायक हैं उनमें से महाराष्ट्र के किस जिले से कितने हैं ये जान लीजिए। शिंदे के साथ सबसे अधिक विधायक ठाणे और औरंगाबाद जिले से हैं। फिर मुंबई और जलगांव से हैं।
यह भी पढ़ें
Maharashtra Political Crisis: कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी पर साधा निशाना, बोले-राष्ट्रपति चुनाव में फायदे के लिए भाजपा कर रही है खेल
एकनाथ शिंदे के साथ शिवसेना के सबसे अधिक पांच-पांच विधायक ठाणे और औरंगाबाद जिले से हैं। मुंबई और जलगांव से चार-चार विधायक हैं। रायगढ़ जिले से तीन विधायक शिंदे के साथ गए हैं। उस्मानाबाद, सतारा, कोल्हापुर और बुलढाना से दो-दो विधायक शिंदे के साथ गुवाहाटी में हैं। जबकि नांदेड, नाशिक, पालघर, सोलापुर, सांगली, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और यवतमाल जिले से एक-एक विधायक हैं। दूसरी तरफ महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट पर बीजेपी की खास नजर है। खबरें हैं कि सरकार गठन और आगे की दिशा क्या होगी इसे लेकर महाराष्ट्र बीजेपी में बैठक का दौर शुरू है। भाजपा की तरफ से शिंदे को ऑफर देने की भी बात कही जा रही है। हालांकि इसे लेकर कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।