मुंबईPublished: Apr 15, 2019 05:54:42 pm
Devkumar Singodiya
हास्य कवि सम्मेलन: राजनीति पर तंज कसे, सामाजिक विद्रुपताओं पर हमले
हास्य कवि सम्मेलन
मुंबई. लायंस क्लब मुंबई वेस्टर्न की ओर से रविवार शाम कांदिवली के तेरापंथ भवन में हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें जाने माने कवियों ने अपनी हास्य कविताओं से उपस्थित श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कवि अनंत श्रीमाली समेत महेश दुबे, संजय भंसल, राकेश तिवारी, नवलसिंह दीप, पूजा सचदेवा के एक से बढ़कर एक हास्य कविताओं से प्रांगण में उपस्थित लोग लोटपोट हो गए। पूरा माहौल हास्य व्यंग्य की फुहारों से भीग उठा। देश भक्ति और दूसरे माहौल की कविताओं ने भी समां बांधा। मिराज ने क्या खूब मिजाज बिगड़ा है पापी पाकिस्तान का, रोम रोम त्राहि त्राहि कर उठा आतंकी की खान का…कवि संजय भंसल की कविता ने खूब दाद बटोरी।
आयोजन का संचालन अनंत श्रीमाली ने किया। कवियत्री पूजा सचदेवा ने लेडिज टेलर पर कविता सुनाकर समाज की विद्रुपताओं पर कटाक्ष किया। कवि नवल सिंह दीप ने सब्जियों के माध्यम से राजनीति पर व्यंग्य बाण छोड़े। राकेश तिवारी ने संजिदगी भरी कविताओं के जरिए श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। महेश दुबे की हास्य व्यंग्य की कविताओं ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। संजय भंसल की कविता अक्ल बड़ी या भैंस ने भी श्रोताओं का खूब मनोरंजन कुछ इस अंदाज में किया…यकीनन भैंस अक्ल से बड़ी हो ही जाती है…। इससे पहले कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लायंस क्लब मुंबई वेस्टर्न सिटी के अध्यक्ष आशीष चौधरी ने संस्था के सामाजिक व सेवाकीय प्रवृतियों से लोगों को अवगत कराया। इस अवसर पर सोहनराज भंडारी, राजेंद्र दक, अशोक नागौरी, विपिन सांखलेचा, संदीप चोपड़ा, दीपक चौधरी, सुनील पाटोदिया, शशिकांत मोध, डॉ मुदासिर आदि मौजूद रहे।