मुंबई

मुंबई में 60 हजार से ज्यादा संक्रमित, राज्य में 5537 की मौत

स्वास्थ्य विभाग ने आज पहले हुई 1328 लोगों की मौत कोरोना से होने की पुष्टि की। इसके साथ कोविड-19 से महाराष्ट्र में मृतकों की संख्या 5537 तक पहुंच गई है। कुल संक्रमितों में से 57,851 ठीक हो चुके हैं जबकि 50,044 संक्रमितों का उपचार अस्पतालों में चल रहा।

मुंबईJun 17, 2020 / 06:13 pm

Dheeraj Singh

मुंबई में 60 हजार से ज्यादा संक्रमित, राज्य में 5537 की मौत

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मुंबई. महाराष्ट्र में कोरोना का कहर जारी है। 2701 नए मामलों के साथ मंगलवार को राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 1 लाख 13 हजार 444 तक पहुंच गई। एक दिन में कोरोना से 81 लोगों की मौत हुई। राज्य में 5,537 लोगों की जान महामारी ले चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने आज पहले हुई 1328 लोगों की मौत कोरोना से होने की पुष्टि की। इसके साथ कोविड-19 से महाराष्ट्र में मृतकों की संख्या 5537 तक पहुंच गई है। कुल संक्रमितों में से 57,851 ठीक हो चुके हैं जबकि 50,044 संक्रमितों का उपचार अस्पतालों में चल रहा। राज्य में कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट 50.99 प्रतिशत और मृत्यु दर 4.8 प्रतिशत है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 60,228 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से 31,041 कोरोना को मात दे चुके हैं जबकि 26012 संक्रमितों का उपचार चल रहा। मायानगरी में कोरोना से 3167 की जान गई है। इनमें 55 लोगों की मौत आज हुई। पहले के मृतकों में 862 मुंबई के हैं। ठाणे ग्रामीण क्षेत्र में 2002, ठाणे मनपा में 6330, नवी मुंबई में 4892, कल्याण डोंबिवली में 2913, उल्हासनगर में 815, भिवंडी में 689, मीरा भायंदर में 1687, वसई विरार में 2338 और पनवेल मनपा क्षेत्र में 1048 संक्रमित मिले हैं। पुणे जिले में 12,888 और नासिक जिले में 2101 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
फडणवीस के आरोप पर जागी सरकार
विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को आरोप लगाया था कि सरकार कोरोना मृतकों के सही आंकड़े नहीं जारी कर रही। स्वास्थ्य विभाग की बुलेटिन में इस पर मुहर लगाई गई है। सरकार ने बताया कि पहले हुई 1328 लोगों की मौत कोरोना से हुई है। इनमें 1033 मामले महामुंबई और 295 राज्य के दूसरे जिलों से संबंधित हैं।
42 पुलिस कर्मियों की मौत
कोरोना से महाराष्ट्र में 42 पुलिस कर्मियों की मौत हुई है। अब तक 3661 पुलिस कर्मियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जिनमें से 2248 ठीक हो चुके हैं। गृह मंत्री अनिल देशमुख ने ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी।
छह जिलों में सीरो सर्वे
महाराष्ट्र के छह जिलों में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने सीरो सर्वे कराया है। इन जिलों में अहमदनगर, बीड, जलगांव, परभणी, नांदेड और सांगली शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने सर्वे के नतीजों का हवाला देते हुए बताया कि उक्त जिलों की आबादी में बहुत कम लोग संक्रमित पाए गए। टोपे ने यह भी कहा कि लॉकडाउन की वजह से हम संक्रमण रोकने में सफल रहे हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.